अमेरिका नहीं, पाकिस्तान है भारतीयों की दूसरी पसंद
पिछले 25 वर्षों में विदेशों में बसे भारतीयों की संख्या दोगुनी से भी अधिक हो चुकी है और दुनिया की कुल आप्रवासी आबादी के मुकाबले दोगुनी तेजी से बढ़ रही है।
नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के रिश्ते पिछले काफी समय से तनातनी वाले हैं। एलओसी पर आए दिन सीजफायर का उल्लंघन होता रहता है। लेकिन आपको यह जानकर हैरानी होगी कि इसके बावजूद पाकिस्तान, भारतीय आप्रवासियों के लिए दूसरा सबसे प्रिय देश है। अमेरिकी रिसर्च एजेंसी पियू ने एक रिपोर्ट में इस बात की जानकारी दी है।
कुल भारतीय प्रवासियों में से लगभग आधे सिर्फ तीन देशों में रहते हैं। भारतीय प्रवासियों की पहली पसंद संयुक्त अरब अमीरात है। यहां सबसे ज्यादा भारतीय प्रवासी (लगभग 3.5 मिलियन) रहते हैं। रिपोर्ट बताती है कि लाखों भारतीय लोग यूएई में काम की तलाश में आते हैं। इसमें से ज्यादातर लेबर क्लास के लोग रहते हैं।
भारतीय प्रवासियों का दूसरा पसंदीदा देश पाक है, जहां लगभग 20 लाख भारतीय प्रवासी रहते हैं। इसका एक कारण यह भी हो सकता है कि पाक भी भारत का हिस्सा रहा है। दोनों देशों के लोगों के दिलों में आज भी एक-दूसरे को लेकर काफी प्यार है। इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर अमेरिका है, जहां प्रवासी भारतीयों की आबादी लगभग 19.7 लाख है। अमेरिका में भारतीय इंजीनियर और डॉक्टर्स की संख्या काफी है।
पिछले 25 वर्षों में विदेशों में बसे भारतीयों की संख्या दोगुनी से भी अधिक हो चुकी है और दुनिया की कुल आप्रवासी आबादी के मुकाबले दोगुनी तेजी से बढ़ रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देखें, तो हर 20वां प्रवासी भारतीय है। हालांकि रिपोर्ट यह भी बताती है कि अंतरराष्ट्रीय प्रवासियों की नजर में भारत भी एक अच्छा विकल्प है। भारत में ल्रगभग 52 लाख प्रवासी रहते हैं।
पियू रिसर्च की रिपोर्ट बताती है कि भारत उन देशों में शामिल है, जहां इमिग्रेशन का प्रतिशत विश्व में सबसे कम है। भारत की कुल आबादी का लगभग 1 फीसद हिस्सा ही देश छोड़कर किसी दूसरे देश में जाता है। अमेरिका से भी लगभग 1 फीसद लोग किसी दूसरे देश में कूच करते हैं।
अमेरिका में भारतीय को 180 महीने की जेल, आतंकी साजिश में था शामिल