आप भी करते हैं ऑनलाइन पेमेंट? हर ग्राहक के लिए बनाया जा रहा खास मानक सेट, साइबर ठगों से मिलेगी मुक्ति
आरबीआई बैंकिंग सेक्टर में बढ़ते साइबर हमलों और धोखाधड़ी को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है, जिसने बैंकों को सतर्क रहने और त्वरित अलर्ट सिस्टम विकसित करने को कहा है।

साइबर ठगों से मिलेगी मुक्ति। (फाइल)
HighLights
आरबीआई ने बैंकों को साइबर हमलों और धोखाधड़ी पर सतर्क रहने को कहा।
एपीआई सुरक्षा मजबूत करने, फ्रॉड मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया।
एनबीएफसी क्लाइंट्स के लिए CERT-In ऑडिट अब अनिवार्य किया गया।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। आरबीआई बैंकिंग सेक्टर में साइबर हमलों और ग्राहकों के साथ होने वाली धोखाधड़ी के बढ़ते खतरे को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है। नियामक ने एक महीने के अंदर बैंकों के साथ दो महत्वपूर्ण बैठकें कर उन्हें आगाह किया है। आरबीआई ने बैंकों से कहा है कि वे ज्यादा सतर्क रहें और ऐसा सिस्टम विकसित करें, जिससे धोखाधड़ी होते ही सिस्टम और ग्राहकों को तुरंत अलर्ट मिल जाए और तत्काल कार्रवाई की जा सके।
आरबीआई के मुताबिक-बैंकों और वित्तीय संस्थानों ने कुल 10,114 फ्रॉड केस रिपोर्ट किए, जिनमें 48,021 करोड़ रुपये की रकम शामिल थी। यह पिछले साल (2024-25) के 23,722 केस और 32,803 करोड़ रुपये से संख्या में तो कम है, लेकिन मूल्य में काफी ज्यादा है।
आरबीआई सूत्रों के मुताबिक, उसकी इसी हफ्ते बैंकों के प्रमुखों के साथ एक बैठक हुई, जिसमें बैंकिंग सेक्टर में साइबर हमलों के बढ़ने और ग्राहकों के साथ फ्रॉड की घटनाओं पर चर्चा की गई। ऐसी ही बैठक इस महीने की शुरुआत में भी हो चुकी है। आरबीआई का साफ मानना है कि फ्रॉड रोकने का सबसे उपयोगी तरीका यह है कि किसी की भी बैंकों के सिस्टम तक पहुंच नहीं हो।
अक्सर यह देखा गया है कि बैंकों के तकनीकी सिस्टम तक पहुंच बनते ही फ्रॉड करने वाले गिरोह तुरंत अपराध को अंजाम दे देते हैं। हाल ही में एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा और एयू स्माल फाइनेंस बैंक जैसी संस्थाओं में साइबर घटनाओं के बाद आरबीआई ने बैंकों को कोर बैंकिंग से परे पेरीफेरल सिस्टम और एपीआई पर कड़ी नजर रखने, तथा रियल-टाइम रिकॉन्सिलिएशन की व्यवस्था करने को कहा है। हमलावर अब महीनों इंतजार के बजाय एक्सेस मिलते ही घंटों में हमला कर देते हैं।
आरबीआई ने हाल ही में एपीआई सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बैंकों को कई ठोस सुझाव दिए हैं। बैंकों को अपने सभी एपीआई क्लाइंट्स की पूरी सूची बनानी होगी, जिसमें उनका बिजनेस प्रोफाइल, इस्तेमाल की जाने वाली सेवाएं, अकाउंट और इंटीग्रेशन डिटेल्स, ट्रांजैक्शन लिमिट तथा बिजनेस, टेक्निकल और सिक्योरिटी कॉन्टैक्ट्स शामिल हों।
एपीआई क्लाइंट्स वे पार्टनर हैं जो बैंक से डिजिटल रूप से जुड़े होते हैं, इसमें एनबीएफसी, फिनटेक कंपनियां, पेमेंट एग्रीगेटर्स, पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर, बिजनेस कॉरेसपोंडेंट्स आदि होते हैं।
आरबीआई का कहना है कि बैंकों के लिए यह जरूरी है कि इनके साथ कनेक्शन सुरक्षित रहे और कोई हमलावर इनका दुरुपयोग न कर सके। हाल ही में आरबीआई ने एनबीएफसी क्लाइंट्स के लिए सीईआरटी-ईनआडिट अनिवार्य किया गया है। नए एनबीएफसी को ऑनबोर्डिंग से पहले ऑडिट पूरा करना होगा, जबकि मौजूदा ग्राहकों को 3 फरवरी 2027 तक का समय दिया गया है।
ऑडिट साल में कम से कम एक बार और किसी बड़ी साइबर घटना के बाद दोबारा करानी होगी तथा बैंकों को पूरा होने की निगरानी करनी होगी। गैर-एनबीएफसी क्लाइंट्स (जैसे बीसी, पेमेंट एग्रीगेटर आदि) का तुरंत रिस्क असेसमेंट करना होगा और तीन महीने के अंदर पीरियोडिक ऑडिट कराना होगा। हर तीन महीने में सभी एपीआई क्लाइंट्स को मौजूदा खतरों की जानकारी देनी होगी।
हर ग्राहक के लिए एक खास मानक सेट करना होगा
एपीआई ट्रांजैक्शन्स को फ्रॉड-रिस्क मॉनिटरिंग फ्रेमवर्क में लाना होगा। हर ग्राहक के लिए एक खास मानक सेट करना होर्गा। मात्रा या मूल्य में अचानक वृद्धि, सीमा के ठीक नीचे वाले ट्रांजैक्शन, असाधारण समय या अवकाश में गतिविधि, नए बेनिफिशियरीज का अचानक आना, म्यूल पैटर्न, अवैध एपीआई रिक्वेस्ट की जानकारी देनी होगी।
एप में यूजर-एजेंट, वर्जन, ओएस और नेटवर्क में बदलाव पर नजर रखनी होगी। हर ट्रांजेक्शन और इनकी दैनिक कुल लिमिट तुरंत प्रभावी करनी होगी, एक महीने में इंट्रा-डे या वेलोसिटी लिमिट लागू करनी होगी, और क्लाइंट्स को किसी संदेहास्पद घटना की तुरंत रिपोर्टिंग करनी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।