महाराष्ट्र एटीएस, गुजरात पुलिस के कंप्यूटर पर रैन्समवेयर वायरस का हमला
क्विक हील कंपनी का कहना है कि वायरस का सबसे ज्यादा असर प. बंगाल में हुआ है। उसके बाद महाराष्ट्र, गुजरात, एनसीआर व उड़ीसा का नंबर है।
मुंबई, प्रेट्र। महाराष्ट्र एटीएस और गुजरात पुलिस के कंप्यूटर पर रैन्समवेयर वायरस का हमला हुआ है। आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) के ज्यादातर अधिकारी इसका शिकार हुए हैं।
हैकर्स कंप्यूटर फ्री करने के लिए तीन दिन में करोड़ों रुपये की फिरौती मांग रहे हैं। इस समयावधि के बाद फाइलें नष्ट करने की धमकी दी गई है। गुजरात पुलिस के 150 कंप्यूटर प्रभावित हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक एटीएस के कई अधिकारियों के कंप्यूटर हैक किए गए हैं। साइबर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बता दें कि विश्वभर के 150 देशों के 2 लाख से ज्यादा कंप्यूटरों को अपना शिकार बना चुके 'रैनसमवेयर' वायरस का असर भारत में देखा जा रहा है। अब तक इससे 48 हजार कंप्यूटर प्रभावित हुए हैं। सिक्योरिटी सिस्टम चाक चौबंद होने की वजह से भारत में इसका बहुत ज्यादा असर देखने को नहीं मिला है। वायरस की चपेट में ऑनलाइन कंपनियां सबसे ज्यादा आई हैं।
क्विक हील कंपनी का कहना है कि वायरस का सबसे ज्यादा असर प. बंगाल में हुआ है। उसके बाद महाराष्ट्र, गुजरात, एनसीआर व उड़ीसा का नंबर है। जिन शहरों में इसका ज्यादा प्रकोप देखने को मिला है उनमें दिल्ली, भुवनेश्वर, पुणे व मुंबई हैं। कंपनी का कहना है कि जिन कंप्यूटरों पर वायरस ने हमला किया, उन्हें दुरूस्त कर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें: 'रैनसमवेयर' वायरस से भारत में 48 हजार कंप्यूटर प्रभावित