'सरदार पटेल ने राष्ट्रहित को पद और कुर्सी से हमेशा ऊपर रखा', राजनाथ सिंह ने 151वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सरदार पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने देशहित को पद से ऊपर रखा और भारत की एकता-अखंडता मजबूत की।

सरदार पटेल ने राष्ट्रहित को पद और कुर्सी से हमेशा ऊपर रखा।
HighLights
राजनाथ सिंह ने कहा, पटेल ने देशहित को पद से ऊपर रखा।
राष्ट्रपति मुर्मू ने पटेल को आधुनिक भारत का प्रमुख शिल्पकार बताया।
अमित शाह ने पटेल को राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक कहा।
जागरण न्यूज, नेटवर्क, नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सरदार पटेल और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी दोनों महान राष्ट्रभक्त थे और उन्होंने भारत की एकता एवं अखंडता मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि सरदार पटेल के लिए देशहित पद और कुर्सी से बड़ा था। उन्होंने कभी किसी पद या प्रशंसा की लालसा नहीं रखी। देशसेवा और जनसेवा उनके लिए जीवन का संकल्प था। उनका जीवन संघर्षों और चुनौतियों के सामने अडिग रहने का उदाहरण है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि पटेल राष्ट्रीय एकता को केवल रियासतों के विलय तक सीमित नहीं मानते थे, बल्कि समाज में भाईचारे, विश्वास और समानता को भी इसका आधार मानते थे। वे जातिगत भेदभाव के विरोधी थे और सभी नागरिकों को समान सम्मान देने के पक्षधर थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का मंत्र सरदार पटेल के आदर्शों को आगे बढ़ाता है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि सरदार पटेल की विरासत आज का एकजुट और मजबूत भारत है। सक्षम प्रशासन, किसानों को महत्व और राष्ट्रहित को व्यक्तिगत हित से ऊपर रखने की संस्कृति उनकी देन है। उन्होंने देशवासियों से राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
राष्ट्रपति ने सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी सेनानी और आधुनिक भारत के प्रमुख शिल्पकार के रूप में उनका योगदान अविस्मरणीय है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि सरदार पटेल ने देश के एकीकरण और मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था की स्थापना में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पटेल को आधुनिक भारत का शिल्पकार और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि पटेल ने रियासतों में बंटे देश को एकजुट कर मजबूत भारत की नींव रखी और अखिल भारतीय सेवाओं की स्थापना से प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी ने उन्हें आधुनिक भारत का निर्माता और राष्ट्रीय एकता का शिल्पकार बताया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।