विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जन शक्ति से मशीन शक्ति की ओर बदलाव को तैयार रहें युवा सैन्य अधिकारी', बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:54 PM (IST)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनसांख्यिकी बदलाव के मद्देनजर भविष्य में जनशक्ति के बजाय मशीन शक्ति पर निर्भरता बढ़ाने का आह्वान किया। 

जनसांख्यिकी बदलाव के कारण मशीन शक्ति पर निर्भरता बढ़ाएं (फोटो - ANI)

जनसांख्यिकी बदलाव के कारण मशीन शक्ति पर निर्भरता बढ़ाएं (फोटो - ANI)

HighLights

  1. जनसांख्यिकी बदलाव के कारण मशीन शक्ति पर निर्भरता बढ़ाएं

  2. सैन्य प्रशिक्षण को आधुनिक बनाएं, एआई का उपयोग करें

  3. रक्षा अनुसंधान और नवाचार में भारत वैश्विक नेता बने

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बदलती जनसांख्यिकी और घटती जनसंख्या वृद्धि दर के मद्देनजर भारत को भविष्य में जनशक्ति (मैनपावर) की बजाय मशीन शक्ति (मशीन पावर) पर अधिक निर्भर होना होगा। भारत आज युवा देश है, लेकिन आने वाले दशकों में युवाओं की आबादी घटने लगेगी।

ऐसे में देश को अभी से क्षमताएं विकसित करनी होंगी, ताकि जनसांख्यिकीय बदलाव विकास में बाधा न बनें। रक्षा मंत्री ने रविवार को पुणे के खड़कवासला में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के पासिंग आउट परेड का निरीक्षण करने के बाद कैडेटों से कहा कि विकसित देशों ने जनशक्ति पर निर्भरता घटाकर और मशीनों की शक्ति तथा तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाकर बदलाव के अनुरूप खुद को ढाल लिया है।

जनसांख्यिकी बदलाव के कारण मशीन शक्ति पर निर्भरता बढ़ाएं

हमें भी इसी दिशा में तैयारी करनी चाहिए।राजनाथ ने कहा, युद्ध का स्वरूप बदल चुका है। अब लड़ाई जमीन, समुद्र और आसमान के साथ ही साइबर, अंतरिक्ष और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) जैसे क्षेत्रों में भी लड़ी जा रही है।

वैश्विक शक्ति संतुलन, भू-राजनीति और युद्ध की रणनीतियां तेजी से बदल रही हैं। इसलिए सैन्य प्रशिक्षण को आधुनिक बनाना जरूरी है। उन्होंने कैडेटों से नवाचार को बढ़ावा देने और सुरक्षा चुनौतियों के स्वदेशी समाधान विकसित करने का आह्वान किया।

वीरों की विरासत और बलिदान को रखें यादकैडेटों को बधाई देते हुए राजनाथ ने कहा कि वर्दी पहनना गर्व के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कैडेटों को याद दिलाया कि वे वीर योद्धाओं की विरासत के उत्तराधिकारी हैं।

सैन्य प्रशिक्षण को आधुनिक बनाएं: राजनाथ

राजनाथ ने स्वतंत्रता सेनानी जतिंद्र नाथ दास के 63 दिनों के अनशन और उनके संघर्ष का उल्लेख किया। मेजर सोमनाथ शर्मा, वीर अब्दुल हमीद और कैप्टन विक्रम बत्रा जैसे वीर सैनिकों के बलिदान को भी याद किया।

कहा कि सैनिकों को शहीदों के बलिदान को अपना कर्ज समझना चाहिए और उनकी विरासत की रक्षा करनी चाहिए। राजनाथ ने कहा, अच्छा नेता वही है, जिस पर उसके अधीनस्थ बिना शर्त भरोसा करें।

जवानों के साथ परिवार जैसा व्यवहार करें। उन्होंने सियाचिन, नौसैनिक जहाजों और आपदा राहत अभियानों में सैनिकों के साहस और पेशेवर दक्षता के अनुभव साझा किए।

अहंकार छोड़कर टीम भावना अपनाने की सलाह भी दी। राजनाथ ने कहा, सैन्य जीवन में शारीरिक फिटनेस और सामरिक कौशल के साथ मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास और संतुलन भी जरूरी हैं।

कैडेटों की सफलता में माता-पिता के त्याग, बुजुर्गों के आशीर्वाद और शिक्षकों के मार्गदर्शन को अहम बताते हुए उन्होंने 2047 तक भारत को मजबूत, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने का संकल्प दोहराया।

रक्षा तकनीक में दुनिया का नेतृत्व करे भारत : रक्षा मंत्री

रक्षा मंत्री ने रविवार को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के डिफेंस इंस्टीट्यूट आफ एडवांस्ड टेक्नोलाजी (डीआइएटी) के 15वें दीक्षा समारोह को भी संबोधित किया। कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, संप्रभुता और विकास सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी क्षेत्र में नेतृत्व हासिल करना बेहद जरूरी है।

रणनीतिक हितों की रक्षा के लिए भारत को रक्षा अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्वकर्ता के रूप में उभरना होगा। उन्होंने डीआइएटी को आधुनिक तक्षशिला बनाने का आह्वान किया।

डीआइएटी, सशस्त्र बलों, शोध संस्थानों, वैश्विक विश्वविद्यालयों और उद्योग जगत के बीच सहयोग का भी आह्वान किया। दीक्षा समारोह में 518 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी गईं, जो संस्थान के इतिहास में सर्वाधिक हैं। राजनाथ ने नए अकादमिक ब्लाक की आधारशिला भी रखी।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।