विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भारत को उन्नत तकनीकों में सिर्फ उपभोक्ता नहीं, वैश्विक लीडर बनना चाहिए', राजनाथ सिंह ने एनडीटी पर दिया जोर

Published: Sun, 15 Nov 2026 07:34 PM (IST)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत को उन्नत तकनीकों का केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि डेवलपर और वैश्विक लीडर बनना चाहिए।

भारत को उन्नत तकनीकों में सिर्फ उपभोक्ता नहीं, वैश्विक लीडर बनना चाहिए।

भारत को उन्नत तकनीकों में सिर्फ उपभोक्ता नहीं, वैश्विक लीडर बनना चाहिए।

HighLights

  1. भारत को उन्नत तकनीकों में वैश्विक लीडर बनना चाहिए।

  2. रक्षा तैयारियों हेतु एनडीटी इकोसिस्टम को मजबूत करें।

  3. आत्मनिर्भरता राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए रणनीतिक अनिवार्यता है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को देश के रक्षा और तकनीकी क्षेत्र को लेकर कहा कि भारत को केवल उन्नत तकनीकों का उपयोग करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि महत्वपूर्ण क्षेत्रों में डेवलपर, इनोवेटर और वैश्विक लीडर बनना देश की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने रक्षा तैयारियों और आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने के लिए देश के 'नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग' (एनडीटी) इकोसिस्टम को मजबूत करने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने हैदराबाद में 'इंडियन सोसाइटी फॉर नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग' द्वारा आयोजित 36वें वार्षिक 'नॉन-डिस्ट्रक्टिव इवैल्यूएशन एंड एनेबलिंग टेक्नोलॉजी' सम्मेलन और 'एयरोस्पेस में एनडीटी' पर 15वें अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए यह बातें कहीं। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में दो हजार से अधिक पेशेवर, शोधकर्ता और उद्योग विशेषज्ञ शामिल हुए।

गुणवत्ता और स्वदेशी क्षमताओं पर जोर

राजनाथ सिंह ने रणनीतिक अनुप्रयोगों में परीक्षण परिणामों की सटीकता और विश्वसनीयता पर जोर देते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि हमें उन्नत निरीक्षण तकनीकों, विशेष सेंसर और मूल्यांकन उपकरणों में अपनी स्वदेशी क्षमताओं को मजबूत करना होगा। इससे रक्षा आपूर्ति श्रृंखला सुरक्षित होगी और विदेशी तकनीकी निर्भरता कम होगी। इस दिशा में सार्वजनिक उपक्रमों, निजी निर्माताओं, स्टार्टअप्स और एमएसएमई की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

एआई व आधुनिक तकनीकों का एकीकरण

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड शरीर को नुकसान पहुंचाए बिना आंतरिक स्थिति का पता लगाते हैं, उसी प्रकार एनडीटी तकनीकें कलपुर्जों को नुकसान पहुंचाए बिना उनमें छिपे दोषों का पता लगाती हैं। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स और डिजिटल ट्विन्स जैसी आधुनिक तकनीकों को निरीक्षण प्रक्रिया में शामिल करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता सिर्फ एक आर्थिक उद्देश्य नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए रणनीतिक अनिवार्यता है जिससे देश वैश्विक मंच पर रक्षा और तकनीकी नेतृत्व हासिल कर सके।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।