'आधुनिक युद्ध में दुश्मन को चौंकाने की क्षमता मजबूत रखना बेहद जरूरी', वायुसेना कमांडरों के सम्मेलन में बोले राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वायुसेना कमांडरों के सम्मेलन में सेना से आधुनिक युद्ध के पारंपरिक और उभरते खतरों से ...और पढ़ें

आधुनिक युद्ध में चौंकाने की क्षमता मजबूत होना जरूरी : राजनाथ (फोटो- ANI)
HighLights
रक्षा मंत्री ने 'चौंकाने वाले तत्व' की मजबूती पर जोर दिया।
खुफिया, निगरानी क्षमताएं बढ़ाने और प्रणालियों में तालमेल पर बल।
ड्रोन, साइबर युद्ध जैसी उभरती चुनौतियों के लिए तैयारी आवश्यक।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को सेना से आधुनिक युद्ध से उत्पन्न पारंपरिक और उभरते खतरों से निपटने के लिए आपरेशनल तैयारी बनाए रखने के लिए ‘चौंकाने वाले तत्व’ के आक्रामक एवं रक्षात्मक दोनों पहलुओं की मजबूती और उन्हें कायम रखने का आह्वान किया।
दिल्ली में वायुसेना कमांडरों के सम्मेलन में राजनाथ ने खुफिया व निगरानी क्षमताओं को लगातार मजबूत करने, प्रणालियों के बीच तालमेल बढ़ाने और संभावित खतरों के सामने आने से पहले उन्हें पहचानने की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, 'हमारी सेनाओं को ऐसी क्षमताएं और तरीके विकसित करने चाहिए, जिससे शत्रु को प्रतिक्रिया देने या संभलने का मौका ही न मिले। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि दुश्मन की किसी अप्रत्याशित चाल से हम कभी हैरान न हों। चौंकाने की कार्रवाई पारंपरिक और इलेक्ट्रानिक, दोनों तरह की हो सकती है।'
रक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान युद्ध पारंपरिक युद्धक्षेत्रों से आगे बढ़कर गैर-संपर्क वाले क्षेत्रों तक फैल रहे हैं, जहां मिसाइलें, ड्रोन और उन्नत हथियार प्रणालियां अहम भूमिका निभा रही हैं।
रूस-यूक्रेन और इजरायल-हमास युद्धों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियां आधुनिक युद्ध की अहम घटक बनकर उभरी हैं। उन्होंने कमांडरों से कामिकेज ड्रोन, निगरानी और ड्रोन-रोधी अभियानों जैसी उभरती चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आग्रह किया।
रक्षा मंत्री ने भारतीय वायुसेना से इलेक्ट्रानिक, साइबर और अंतरिक्ष सहित युद्ध के उभरते क्षेत्रों के लिए विशेष सिद्धांत और ढांचे विकसित करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बेहतर तैयारी से भविष्य की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता मजबूत होगी।
राजनाथ ने कहा, 'भविष्य के युद्धों में जीत केवल विमानों की संख्या पर निर्भर नहीं होगी, बल्कि उन्नत तकनीक, जवाब देने की गति और तैयारियों की सटीकता पर भी निर्भर करेगी।'
उन्होंने कमांडरों से इन उभरती चुनौतियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और उन्हें संस्थागत सोच, योजना तथा अभियानगत प्रक्रियाओं में शामिल करने का आग्रह किया। अग्निवीरों को दो वर्ष के सेवा विस्तार पर रक्षा मंत्री ने कहा कि यह फैसला सेनाओं से मिली प्रतिक्रिया के बाद लिया गया है।
उन्होंने नीति संबंधी फैसलों में सेनाओं के सुझाव शामिल करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई एवं विश्वास जताया कि अग्निवीरों के लिए सेवा का दूसरा कार्यकाल तीनों सेनाओं को और मजबूत करने में मदद करेगा। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।