विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 20, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

राज ठाकरे ने फिल्म 'टाइगर जिंदा है' को लेकर खेला मराठी कार्ड, बोला हमला

By Bhupendra SinghEdited By:
Published: Wed, 20 Dec 2017 04:58 AM (IST)Updated: Wed, 20 Dec 2017 10:49 AM (IST)

महाराष्ट्र की राजनीति में खोई जमीन वापस पाने के लिए मनसे प्रमुख राज ठाकरे फिल्मी दुनिया का सहारा लेने में भी संकोच नहीं करते।

राज ठाकरे ने फिल्म 'टाइगर जिंदा है' को लेकर खेला मराठी कार्ड, बोला हमला
राज ठाकरे ने फिल्म 'टाइगर जिंदा है' को लेकर खेला मराठी कार्ड, बोला हमला

अनुज अलंकार, मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में खोई जमीन वापस पाने के लिए मनसे प्रमुख राज ठाकरे फिल्मी दुनिया का सहारा लेने में भी संकोच नहीं करते। मराठी मानुस के मुद्दों पर राजनीति करते आए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे ने मंगलवार को मुंबई और महाराष्ट्र के सिनेमाघरों में मराठी फिल्मों को वरीयता देने की वकालत की। उन्होंने अपने ही दोस्त सलमान खान की इस शुक्रवार रिलीज होने जा रही फिल्म 'टाइगर जिंदा है' के खिलाफ हमला बोल दिया।

-महाराष्ट्र भर में फिल्म की स्क्रीनिंग न होने देने की दी धमकी
-थिएटर मालिकों से मराठी फिल्म 'देवा' को प्रमुखता देने को कहा 

मनसे ने मुंबई सहित महाराष्ट्र भर के सिनेमाघरों को चेतावनी दी है कि शुक्रवार को रिलीज होने जा रही मराठी फिल्म 'देवा' को प्रमुखता दी जाए। अन्यथा उनके थिएटरों में 'टाइगर जिंदा है' की स्क्रीनिंग नहीं होने दी जाएगी। सलमान-कट्रीना की जोड़ी को लेकर यशराज फिल्म्स में बनी 'टाइगर जिंदा है' को शुक्रवार को देश भर में 4,000 से ज्यादा सिनेमाघरों में रिलीज किया जा रहा है।
मराठी फिल्म इंडस्ट्री भी काफी वक्त से सूबे के मल्टीप्लेक्स थिएटरों से शिकायत करती रही है कि उनकी फिल्मों के साथ सौतेला बर्ताव होता है। उनको प्राइम टाइम के शो नहीं दिए जाते। इससे मल्टीप्लेक्स में मराठी फिल्मों के कारोबार पर बुरा असर पड़ता है। इस मुद्दे पर मराठी फिल्मों का प्रतिनिधिमंडल गत वर्ष राज्य सरकार से मिल चुका है। मल्टीप्लेक्स थिएटरों के मालिकों ने सरकार और मराठी फिल्म निर्माताओं को आश्वास्त किया था कि उनकी फिल्मों के शो कम नहीं होंगे।
मनसे का आरोप है कि शुक्रवार को 'देवा' को लेकर मल्टीप्लेक्स थिएटरों में प्राइम टाइम के शो नहीं दिए जा रहे हैं। राज्य सरकार ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से लिया है और मल्टीप्लेक्स थिएटरों से अपना रवैया बदलने को कहा है। जानकारी के अनुसार, मल्टीप्लेक्स थिएटरों के प्रबंधन से राज्य सरकार ने 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा है।
एक दूसरा वर्ग ऐसा भी है, जो 'टाइगर जिंदा है' की रिलीज से दो दिन पहले इस मुद्दे को उठाने को 'टाइगर...' के लिए किया जा रहा पब्लिसिटी स्टंट मान रहा है। राज ठाकरे को सलमान का करीबी दोस्त माना जाता है। सलमान के घर पर राज ठाकरे हर साल गणपति के दर्शन के लिए भी पंहुचते हैं। यशराज फिल्म्स ने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।