पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश, कई संपर्क मार्ग बंद नोट
हिमाचल प्रदेश में केलंग से 40 किलोमीटर दूर पटसेउ में भूस्खलन होने से मनाली-लेह मार्ग 14 घंटे अवरुद्ध रहा।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली । देश में शुक्रवार को पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश हुई। राजधानी दिल्ली के अलावा पंजाब व हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी जमकर बारिश हुई। वहीं उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम परेशानी का सबब बना है। करीब 70 से अधिक संपर्क मार्ग मलबा आने से बंद हैं। उधर जम्मू में लगातार तीसरे दिन सुबह बारिश हुई।
दिल्ली में दोपहर बाद करीब ढाई बजे शुरू हुई बारिश देर शाम साढ़े सात बजे तक होती रही। जबकि पंजाब भर में हो रही भारी बारिश के चलते किसानों के चेहरे खिल गए हैं, लेकिन भाखड़ा डैम को लेकर सिंचाई विभाग की चिंता अब भी बनी हुई है। भाखड़ा का जलस्तर पिछले साल के मुकाबले अभी भी 80 फीट नीचे है। दूसरी ओर हरियाणा में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से शुक्रवार को राहत मिली। इस दिन रेवाड़ी में 95 मिलीमीटर और कुरुक्षेत्र में 65 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
उत्तराखंड में अगले 24 घंटे भी होगी बारिश
उत्तराखंड के बागेश्वर में बारिश-भूस्खलन से खतरे की जद में आए नौ परिवारों को पंचायत घर में शिफ्ट किया गया है तो पिथौरागढ़ में थल -मुनस्यारी मार्ग फल्याटी के पास आठ मीटर बहने से मुनस्यारी का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। उत्तरकाशी के नालूपानी में गंगोत्री हाईवे करीब 16 घंटे बंद रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में राज्य में कई स्थानों पर हल्की व मध्यम बारिश हो सकती है। इस बीच हिमाचल प्रदेश में केलंग से 40 किलोमीटर दूर पटसेउ में भूस्खलन होने से मनाली-लेह मार्ग 14 घंटे अवरुद्ध रहा। गुरुवार रात 10 बजे हुए भूस्खनलन से दोनों ओर सैकड़ों पर्यटक वाहन फंस गए।
उप्र में बिजली गिरने से तीन की मौत
कई दिनों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बेरुखी कर रहे मानसून ने शुक्रवार को कई जिलों को तरबतर कर दिया। सुबह से ही शुरू हुई बारिश का दौर शाम तक जारी रहा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहा। वहीं आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।
राजस्थान में बारिश का दौर जारी
राजस्थान में बारिश का दौर शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। जयपुर सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में मध्यम से तेज बारिश हुई । सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी कस्बे एवं आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को सुबह हुई भारी बारिश से कस्बे में हालात काफी बिगड़ गए। गलियों और मुख्य रास्तों पर पानी भर गया। उधर झारखंड के कुछ इलाकों में हल्की से लेकर मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सिमडेगा में अच्छी बारिश हुई है। यहां शुक्रवार को 88.2 मिमी बारिश हुई।