रेलवे अपने यात्रियों को कोरोना से बचाने के लिए ट्रेन में देगा डिस्पोजेबल चादर और कंबल
रेलवे के दानापुर रेल मंडल ने चार तरह के डिस्पोजेबल लिनेन किट (चादर कंबल तौलिया का सेट) तैयार किए हैं जो 50 रुपये से लेकर 250 रुपये तक में मिलेंगे।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। रेलवे अब अपने यात्रियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए ट्रेन में डिस्पोजेबल चादर और कंबल देगा। इसकी शुरुआत बिहार के पटना के उपनगर दानापुर रेल मंडल ने कर दी है। इसके लिए यात्रियों को मामूली शुल्क चुकाना होगा। कोरोना संक्रमण के बाद से रेलवे ने पुन: धुलकर उपयोग की जाने वाली चादर, कंबल देना बंद कर दिया है। इनसे संक्रमण का खतरा था। रेलवे ने इसी खतरे को देखते हुए एसी कोचों से परदे भी हटा दिए। अब जो चादर, कंबल दिए जाएंगे, उन्हें यात्री केवल एक बार ही उपयोग कर सकेगा।
50 से 250 रुपये होगी कीमत
रेलवे के दानापुर रेल मंडल ने चार तरह के डिस्पोजेबल लिनेन किट (चादर, कंबल, तौलिया का सेट) तैयार किए हैं जो 50 रुपये से लेकर 250 रुपये तक में मिलेंगे। रेलवे ये किट प्लेटफार्म और ट्रेन के अंदर उपलब्ध कराएगा। रेलवे बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि यह व्यवस्था सभी रेल मंडलों में की जानी है। ऐसा करने से इच्छुक यात्री सफर के दौरान किट खरीद सकेंगे। यात्रा पूरा होने पर चादर, कंबल, तौलिया को प्लेटफॉर्मो पर उपलब्ध डस्टबिन में डालना होगा।
पहले नहीं लगता था शुल्क
बता दें कि पूर्व में रेलवे अपने यात्रियों को तौलिया, चादर व कंबल देता था। इन्हें एक बार उपयोग करने के बाद धुलाई के लिए भेजा जाता था। फिर उपयोग में लाते थे। यात्रियों को इसके लिए अलग से शुल्क नहीं देना पड़ता था, यह टिकट के साथ ही मिलते थे। अब बारिश का समय है। रात्रि के समय एसी में सफर करने वाले यात्रियों को ठंड का अहसास होने लगा है, इसलिए रेलवे लिनेन किट उपलब्ध करवा रहा है। भोपाल रेल मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों में भी यह सुविधा जल्द मिलने वाली है।
लिनेन किट के प्रकार व कीमत
लिनेन किट-1: इसमें एक बेडशीट, एक मास्क, एक सैनिटाइजर होगा। कीमत 50 रुपये होगी।
लिनेन किट-2: इसमें एक बेडशीट, एक मास्क, एक सैनिटाइजर व एक तकिया होगी। कीमत 100 रुपये है।
लिनेन किट-3: इसमें एक बेडशीट, एक मास्क, एक सैनिटाइजर, एक कंबल होगा। कीमत 200 रुपये है।
लिनेन किट-4: इसमें एक बेड शीट, एक मास्क, एक सैनिटाइजर, एक कंबल व एक तकिया होगी। कीमत 250 रुपये है।
दानापुर रेल मंडल ने जिस संस्था के सहयोग से लिनेन किट उपलब्ध कराएं है। उसी संस्था से हमने भी संपर्क किया है। हम कोशिश कर रहे हैं कि भोपाल के हबीबगंज स्टेशन से चलने वाली ट्रेनों में ये किट उपलब्ध कराए जाएं। वैसे हमारे मल्टीपरपज स्टॉलों पर सैनिटाइजर, मास्क उपलब्ध करवा दिए गए हैं - विजय प्रकाश, सीनियर डीसीएम भोपाल रेल मंडल।