विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ पूजा के लिए रेलवे ने चलाई विशेष ट्रेनें: स्टेशनों पर गूंजे छठ मैया के गीत तो छिड़ गया सियासी संग्राम

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:50 PM (IST)

मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के पारंपरिक गीत बजाने को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

मध्य रेलवे के कुछ प्रमुख स्टेशनों पर बजाए गए भोजपुरी गीत (प्रतीकात्मक फोटो)

मध्य रेलवे के कुछ प्रमुख स्टेशनों पर बजाए गए भोजपुरी गीत (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. मुंबई स्टेशनों पर छठ पूजा गीतों पर राजनीतिक विवाद।

  2. शिवसेना (यूबीटी) ने आपत्ति जताई, शिंदे गुट ने समर्थन किया।

  3. रेलवे ने कहा, गीत आवश्यक घोषणाओं के बाद बजते हैं।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा से पहले छठ मैया के पारंपरिक गीतों के प्रसारण को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

मध्य रेलवे के कुछ प्रमुख स्टेशनों पर भोजपुरी गीत बजाए जाने पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की नगर सेविका माधुरी मांजरेकर ने आपत्ति जताते हुए रेलवे प्रशासन से शिकायत की है।

वहीं, शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय निरुपम ने रेलवे की इस पहल का समर्थन किया है। कांग्रेस ने भी भोजपुरी गीतों के प्रसारण को गलत नहीं ठहराया है। इस तरह छठ के गीतों के बहाने मुंबई में सांस्कृतिक पहचान को लेकर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है।

छठ पूजा के लिए रेलवे ने चलाई विशेष ट्रेनें

दरअसल, छठ पूजा के अवसर पर बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है।

इसी क्रम में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और लोकमान्य तिलक टर्मिनस सहित कुछ स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से छठ मैया के पारंपरिक गीत बजाए जा रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर इनके वीडियो प्रसारित होने के बाद विवाद शुरू हो गया है।

महाराष्ट्र में सियासी संग्राम

शिवसेना (यूबीटी) की नगर सेविका माधुरी मांजरेकर ने रेलवे प्रशासन से शिकायत कर मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है। उनका कहना है कि रेलवे स्टेशन आम यात्रियों की सुविधा के लिए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर तेज आवाज में गाने बजाकर यात्रियों को परेशान करना उचित नहीं है।

माधुरी मांजरेकर ने चेतावनी दी कि यदि ऐसी गतिविधियां बंद नहीं हुईं तो इसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

विवाद के बीच संजय निरुपम ने एक्स पर पोस्ट कर छठ गीतों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि छठ के पारंपरिक गीत छठ मैया के भजन हैं, जो मुख्य रूप से भोजपुरी, मैथिली और मगही बोलियों में गाए जाते हैं। हमारी माताएं-बहनें सदियों से इन गीतों को गाती आ रही हैं।

रेलवे ने देशभर के स्टेशनों पर छठ महापर्व के अवसर पर इनके प्रसारण की पहल की है। बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और कोलकाता सहित अनेक शहरों में भी ये गीत बजाए जा रहे हैं। मुंबई में इस पर आपत्ति जताना संकीर्ण मानसिकता का प्रतीक है।

कांग्रेस ने किया समर्थन

कांग्रेस नेता अतुल लोंढे ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर मराठी गाना बजता है तो अच्छी बात है और भोजपुरी गाना बजता है तो इसमें बुराई क्या है? भोजपुरी भी एक अच्छी भाषा है।

ऐसे मुद्दे पर राजनीति करने की जरूरत नहीं है। वहीं, महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि देश के हर राजभवन में महाराष्ट्र दिवस मनाया जाता है। वह स्वयं बिहार के पटना स्थित राजभवन में आयोजित महाराष्ट्र दिवस समारोह में शामिल हो चुके हैं।

जबकि मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि स्टेशनों पर अलग-अलग अवसरों पर विशेष विषयों से जुड़े जिंगल और जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाते हैं।

छठ पूजा के अवसर पर भी कुछ स्टेशनों पर भोजपुरी गीत बजाए जा रहे हैं। ये गीत आवश्यक यात्री सूचनाओं की उद्घोषणा के बाद उपलब्ध अतिरिक्त समय में ही प्रसारित होते हैं। इससे जरूरी घोषणाओं में कोई बाधा नहीं आती।

यह भी पढ़ें- 'एडल्ट महिलाओं को बिना किसी दबाव के जीवनसाथी चुनने का अधिकार', अंतर-धार्मिक विवाह पर बॉम्बे HC की टिप्पणी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।