विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रेन की एक साथ कितनी टिकट कर सकते हैं बुक? रेलवे ने हटाई लिमिट, लागू हुए नए नियम

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:08 PM (IST)

दक्षिण पश्चिम रेलवे ने ग्रुप और बल्क ट्रेन टिकट बुकिंग के नियमों में बड़े बदलाव किए हैं, जिससे अब बर्थ की संख्या की कोई तय सीमा नहीं रहेगी।

रेलवे ने ग्रुप ट्रेन टिकट बुकिंग के नियम बदले (सांकेतिक तस्वीर)

रेलवे ने ग्रुप ट्रेन टिकट बुकिंग के नियम बदले (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. ग्रुप बुकिंग में बर्थ की संख्या की सीमा हटी।

  2. शादी, छात्र, तीर्थयात्री जैसे वास्तविक समूहों को मिलेगा लाभ।

  3. आवेदन सीधे रेलवे अधिकारी को, ट्रैवल एजेंट मान्य नहीं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शादी-ब्याह, स्कूल-कॉलेज की शैक्षाणिक यात्राओं, तीर्थयात्राओं या खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अब एक साथ बड़ी सख्या में ट्रेन टिकट बुक कराना पहले से आसान हो गया है। दक्षिण पश्चिम रेलवे ने ग्रुप और बल्क टिकट बुकिंग से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव किए हैं। नए नियमों के तहत अब ग्रुप बुकिंग में बर्थ की संख्या की कोई तय सीमा नहीं रहेगी।

दक्षिण पश्चिम रेलवे ने कमर्शियल सर्कुलर (कोचिंग) नंबर 37/2026 और रेट एडवाइस नंबर 11/2026 के जरिए नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। ये नए नियम ग्रुप और बल्क बुकिंग से जुड़े पुराने सभी निर्देशों की जगह लेंगे।

बर्थ की संख्या की सीमा समाप्त

नए नियमों का सबसे बड़ा फायदा यह है कि बल्क बुकिंग में बर्थ की संख्या पर लगी सीमा हटा दी गई है। पहले ग्रुप बुकिंग के लिए सीटों या बर्थ की संख्या को लेकर जो बंदिशें थीं, वे अब नहीं रहेंगी। चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर और स्टेशन मैनेजर बिना किसी तय बर्थ सीमा के ग्रुप बुकिंग को मंजूरी दे सकेंगे।

यह सुविधा ट्रेन की सभी श्रेणियों के लिए लागू होगी। चाहे टिकट कन्फर्म हो, आरएसी में हो या वेटिंग लिस्ट में, सभी मामलों में नए नियम लागू माने जाएंगे।

किन समूहों को मिलेगा लाभ?

रेलवे के अनुसार, यह सुविधा केवल उन्हीं यात्रियों को मिलेगी जो किसी वास्तविक और स्पष्ट उद्देश्य से एक साथ सफर कर रहे हैं। इसमें बारात या शादी समारोह में जाने वाले लोग, छात्र-छात्राएं, तीर्थयात्री, खिलाड़ियों की टीमें और सांस्कृतिक दल शामिल हैं। रेलवे का मकसद वास्तविक समूहों की यात्रा को सुविधाजनक बनाना है।

कब करना होगा आवेदन?

नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, बड़े रेलवे आरक्षण केंद्रों पर ग्रुप बुकिंग के आवेदन सुबह 9 बजे से लिए जाएंगे। यह समय आम यात्रियों के लिए एडवांस रिजर्वेशन पीरियड खुलने के एक घंटे बाद का रखा गया है।

आवेदन करने के लिए यात्रियों या आयोजकों को अपना आवेदन सीधे रेलवे के अधिकृत अधिकारियों के पास जमा करना होगा। किसी ट्रैवल एजेंट के माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। हालांकि, विदेशी पर्यटकों और NRI यात्रियों के लिए मौजूदा नियमों के तहत जो छूट है, वह पहले की तरह बनी रहेगी।

जरूरी जानकारियां देना अनिवार्य

ग्रुप बुकिंग के आवेदन के साथ यात्रा का असली उद्देश्य साफ-साफ बताना होगा। साथ ही, सफर करने वाले सभी यात्रियों का पूरा नाम, उम्र, लिंग और पता देना जरूरी होगा। इन विवरणों के बिना ग्रुप बुकिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी।

वापसी की बुकिंग और निगरानी के नियम

यदि समूह को वापसी की यात्रा के लिए भी टिकट चाहिए, तो उसी आरक्षण कार्यालय से ग्रुप बुकिंग की अनुमति मिल सकती है। हालांकि, वापसी की यात्रा को एक अलग बुकिंग माना जाएगा।

रेलवे का कहना है कि इन नियमों से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि सुविधा का फायदा केवल असली समूहों को मिले और कोई भी बड़ी संख्या में सीटें बुक करके उनका गलत इस्तेमाल न कर सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।