थरूर समेत कांग्रेस ने उतारे डेढ़ दर्जन प्रवक्ता
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने प्रवक्ताओं की नई फौज उतार दी है। इस फौज का नेतृत्व केंद्र सरकार के चार मंत्रियों व एक महासचिव को सौंपा गया है। पांच केंद्रीय मंत्री वरिष्ठ प्रवक्ता व 13 प्रवक्ताओं की टीम घोषित की गई। पत्नी सुनंदा पुष्कर की रहस्यमय मौत के बाद सुर्खियां बने केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री शशि
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने प्रवक्ताओं की नई फौज उतार दी है। इस फौज का नेतृत्व केंद्र सरकार के चार मंत्रियों व एक महासचिव को सौंपा गया है। पांच केंद्रीय मंत्री वरिष्ठ प्रवक्ता व 13 प्रवक्ताओं की टीम घोषित की गई। पत्नी सुनंदा पुष्कर की रहस्यमय मौत के बाद सुर्खियां बने केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री शशि थरूर पर कांग्रेस ने पूरा भरोसा जताया। उन्हें भी प्रवक्ता बनाया गया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पैनल के लिए 54 नाम घोषित किए गए।
अभी चार दिन पहले ही कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कहा था कि कांग्रेस अपने काम की मार्केटिंग में कमजोर है। इसे दूर करने के संकेत उसी समय मिले थे। वित्त मंत्री पी. चिदंबरम का कहना था कि कांग्रेस के नेता मीडिया से बचते हैं। हालांकि, चिदंबरम खुद ही मीडिया के लिए बने मंत्रिमंडलीय समूह के अध्यक्ष थे, लेकिन कैबिनेट छोड़कर पत्रकारों के सामने यदा-कदा ही आए थे। अब राहुल से विचार-विमर्श के बाद कांग्रेस महासचिव व संपर्क विभाग के प्रमुख अजय माकन ने आम चुनाव से पहले प्रवक्ताओं की पूरी सेना मैदान में उतारी है। इसमें चार मंत्री गुलाम नबी आजाद, पी. चिदंबरम, आनंद शर्मा, सलमान खुर्शीद व महासचिव मुकुल वासनिक समेत पांच लोगों को वरिष्ठ प्रवक्ता बनाया गया।
कमजोर माने जाने वाले प्रवक्ता मीम अफजल को टीम से हटाकर 13 प्रवक्ताओं की घोषणा की गई। इनमें अभिषेक मनु सिंघवी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, पीसी चाको, राज बब्बर, रणदीप सुरजेवाला, रीता बहुगुणा जोशी, संदीप दीक्षित, संजय झा, सत्यव्रत चतुर्वेदी, शकील अहमद, शक्ति सिंह गोहिल, शशि थरूर व शोभा ओझा हैं। प्रवक्ताओं के साथ मीडिया पैनल के लिए भी दो सूची जारी की गई। 24 लोग राष्ट्रीय मुद्दों पर, तो 30 लोगों की सूची राज्यों के लिहाज से चिह्नित की गई।
कांग्रेस की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर