दिवाली बाद कांग्रेस में हो सकता है बड़ा बदलाव, राहुल बन सकते हैं अध्यक्ष
सचिन पायलट ने कहा कि राहुल गांधी को बढ़त मिलना लंबे समय से लंबित है। कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव नजदीक हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र : कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा है कि अब वक्त आ गया है कि पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी अग्रिम मोर्चे से अगुआई करें। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद जल्द ही राहुल गांधी कांग्रेस का अध्यक्ष पद ग्रहण कर लेंगे।
राहुल गांधी के विश्वासपात्र सचिन पायलट ने रविवार को एक इंटरव्यू में यह भी कहा कि राजनीति में नेताओं को उनके आखिरी नाम से अयोग्य घोषित नहीं कर देना चाहिए। आखिर में तो किसी भी नेता का प्रदर्शन ही उसकी कीमत बताता है। कोई सिर्फ 'सरनेम' के बल पर इतना आगे नहीं आ सकता है।
सचिन पायलट ने कहा कि राहुल गांधी को बढ़त मिलना लंबे समय से लंबित है। कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव नजदीक हैं। नये अध्यक्ष दीपावली के बाद अपना कार्यभार संभाल लेंगे। पार्टी में अब यह भावना प्रबल है कि राहुल गांधी को प्रभार संभाल लेना चाहिए। ताकि पार्टी में युवाओं और बुजुर्गो के रुख का संतुलन बन सके। राहुल पहले से ही बतौर उपाध्यक्ष बहुत काम कर रहे हैं। लेकिन पार्टी मानती है कि राहुल गांधी को बढ़त देने का समय आ गया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट से जब पूछा गया कि राहुल गांधी की बहन प्रियंका वाड्रा को सक्रिय राजनीति में हिस्सा लेना चाहिए, उन्होंने जवाब दिया कि वह कांग्रेस पार्टी की जरूर हैं लेकिन वह सक्रिय राजनीति में हिस्सा लेंगी या नहीं यह उनका व्यक्तिगत फैसला है।
कांग्रेस पर वंशवादी राजनीति को बढ़ावा देने के आरोपों पर पायलट ने कहा कि किसी राजनीतिक परिवार से होना किसी को शुरुआत में थोड़ी मदद कर सकता है, लेकिन अगर प्रदर्शन अच्छा नहीं किया तो आगे प्रगति की कोई गारंटी नहीं है। कांग्रेस के दिवंगत कद्दावर नेता राजेश पायलट के बेटे सचिन ने कहा कि किसी राजनीतिक परिवार से होने को अयोग्यता की तरह नहीं देखा जाना चाहिए। आखिर में कामकाज से ही सफलता निर्धारित होती है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह अपने राजनीतिक परिवारों को पहले देखे।
यह भी पढ़ेंः मुंबई हादसे पर शिवसेना सख्त, संजय राउत बोले- सरकार पर हो मनुष्यवध की FIR