राहुल गांधी की हिरासत 'अलोकतांत्रिक': कांग्रेस
गुरुवार को मध्य प्रदेश के नीमच जिले में आईपीसी की धारा 151 (शांति भंग करने) के तहत राहुल गांधी को हिरासत में लिया गया था।
नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश में पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लेने की घटना की निंदा की निंदा करते हुए इसे 'अलोकतांत्रिक' बताया। एमपी के मंदसौर में किसानों का प्रदर्शन उग्र हो गया, जिसमें पांच किसानों की मौत हो गई है। राहुल मृतक किसानों के परिवारों से मिलने के लिए मंदसौर जा रहे थे, लेकिन कानून-व्यवस्था के मद्देनजर उन्हें बीच रास्ते में ही हिरासत में ले लिया गया।
कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री एके एंटनी ने कहा, 'राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस के नेताओं को गिरफ्तार करके मध्य प्रदेश सरकार ने भारत के संविधान द्वारा नागरिकों को मिले मौलिक अधिकारों का उल्लंघन किया है। भारत का नागरिक होने के नाते मध्य प्रदेश के मंदसौर जाने का राहुल गांधी को पूरा हक है। उन्हें पीड़ित किसानों और उनके परिवारों के साथ दुख बांटने का हक है। लेकिन प्रदेश सरकार ने राहुल गांधी से उनका ये अधिकार छीना है।' एंटनी ने केंद्र सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि स्थिति और बिगड़ सकती है और इसका देश भर में असर पड़ सकता है।
एक अन्य कांग्रेस नेता मीम अफजल ने कहा, 'यह बहुत निंदनीय है कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, सरकार वहां उन्हें जाने से रोक रही है। ऐसे कार्यों के जरिए, सरकार मौजूदा स्थिति में ईंधन जोड़ने का काम कर रही है। ऐसे कार्यों से प्रदर्शनकारी किसानों की संख्या बढ़ जाएगी। इस समय किसानों को सांत्वना देने की जरूरत है। सरकार को ऐसा नहीं करना चाहिए था।'
बता दें कि गुरुवार को मध्य प्रदेश के नीमच जिले में आईपीसी की धारा 151 (शांति भंग करने) के तहत राहुल गांधी को हिरासत में लिया गया था। मृतकों के परिवारों को मिलने के लिए मंडसौर की तरफ जाते हुए राहुल गांधी को हिरासत में लिया गया था। बाद में उन्हें जमानत दी गई जिसके बाद वह मृतक किसानों के परिवारों के सदस्यों से राजस्थान के बॉर्डर पर मिले।
इसे भी पढ़ें: भट्टा पारसौल की याद ताजा करा दी राहुल गांधी ने...!