विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका में राहुल गांधी के बयान को लेकर छिड़ा सियासी संग्राम, BJP का आरोप- भारतीय लोकतंत्र को बताया 'बीमार'

Published: Thu, 19 Nov 2026 05:15 PM (IST)

राहुल गांधी के शिकागो विश्वविद्यालय में दिए बयान पर सियासी घमासान छिड़ गया है, जहां भाजपा ने उन पर भारतीय लोकतंत्र को 'बीमार' कहने का आरोप लगाया।

शिकागो में राहुल गांधी के बयान पर भाजपा का हमला (स्क्रीनग्रैब- @pradip103)

शिकागो में राहुल गांधी के बयान पर भाजपा का हमला (स्क्रीनग्रैब- @pradip103)

HighLights

  1. राहुल गांधी के शिकागो बयान पर भाजपा ने साधा निशाना।

  2. भाजपा ने भारतीय लोकतंत्र को 'बीमार' कहने का आरोप लगाया।

  3. राहुल गांधी ने लोकतंत्र को 'पवित्र' बताया, विवाद स्पष्ट किया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा के दौरान शिकागो विश्वविद्यालय में दिए गए एक बयान को लेकर देश में सियासी पारा गरमा गया है। गुरुवार को बीजेपी ने राहुल गांधी पर विदेशी धरती से भारतीय लोकतंत्र को 'बीमार' बताने का गंभीर आरोप लगाते हुए उन पर तीखा हमला बोला।

हालांकि, समाचार एजेंसियों द्वारा जारी वीडियो में देखा गया कि उन्होंने असल में लोकतंत्र को 'बीमार' नहीं, बल्कि 'पवित्र' कहते हुए सुनाई दे रहे हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' राहुल गांधी के भाषण की एक क्लिप साझा करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने उन्हें भारत-विरोधी प्रचार का नेता करार दिया।

भंडारी ने लिखा, 'राहुल गांधी ने विदेशी धरती से भारतीय लोकतंत्र को 'बीमार' बताया है। कांग्रेस भारतीय लोकतंत्र को बीमार कहती है। राहुल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें सिर्फ अपने परिवार से प्यार है और लोकतंत्र से नफरत।'

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि राहुल गांधी हर बार यह साबित करते हैं कि वे भारतीय व्यवस्था, देश के नागरिकों और लोकतांत्रिक ढांचे के खिलाफ हैं।

वहीं, भाजपा के एक अन्य राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने भी राहुल गांधी पर तीखा व्यक्तिगत हमला बोला। आलोक ने दावा किया, 'राहुल गांधी खुद पिछले 10 वर्षों से अस्वस्थ हैं। उन्हें 'ऑब्सेसिव-कंपल्सिव न्यूरोसिस' (OCN) नामक समस्या है और अब वे धीरे-धीरे मानसिक कमजोरी (डिमेंशिया) की स्थिति की ओर बढ़ रहे हैं।'

आलोक ने आगे कहा, 'उन्हें न समय का होश रहता है और न ही जगह का। वे मन में कुछ सोचते हैं और मुंह से कुछ और ही निकलता है। अपनी ही मां को लेकर वे जिस तरह की बातें कर रहे थे, क्या भारतीय समाज में ऐसी बातें की या सोची जाती हैं? इससे साफ है कि वे धीरे-धीरे अपना मानसिक संतुलन खो रहे हैं।'

राहुल गांधी ने क्या कहा था?

अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ संवाद के दौरान राहुल गांधी से पूछा गया कि यदि विपक्ष को चुनावों में धांधली की आशंका है, तो वह चुनावों का बहिष्कार क्यों नहीं करता? इसके जवाब में कांग्रेस नेता ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए 'पवित्र' है और उस पर किसी भी तरह का सवाल उठाने के लिए उन्हें बेहद ठोस सबूतों की आवश्यकता होगी।

राहुल ने कहा, 'भारतीय लोकतंत्र पवित्र है। जब तक मेरे पास 100, 200 या 300 प्रतिशत पुख्ता सबूत न हों, तब तक मेरे लिए यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है।'

चुनाव बहिष्कार के सवाल पर उन्होंने आगे कहा, 'यदि हम विपक्ष के कार्यकर्ताओं से कह दें कि वे चुनाव में हिस्सा न लें, तो उनका क्या होगा? जिस पल हम यह कहेंगे कि हम चुनाव नहीं लड़ेंगे, उसी पल भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा और हम भारतीय लोकतंत्र के इस ढांचे को नष्ट नहीं होने देना चाहते।'

विपक्ष की रणनीति स्पष्ट करते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'हमारी रणनीति यह है कि व्यवस्था में हो रही कथित गड़बड़ियों को देश के सामने उजागर किया जाए और तब तक चुनाव लड़ते हुए संघर्ष जारी रखा जाए, जब तक भारत के लोगों को यह एहसास न हो जाए कि पूरी लोकतांत्रिक व्यवस्था को नष्ट किया जा रहा है।'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।