विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मॉक संसद में ही प्रधानमंत्री बनेंगे राहुल गांधी', सीएम हिमंत सरमा ने इंडी गठबंधन के महाभियोग प्रस्ताव पर कसा तंज

Published: Wed, 04 Nov 2026 06:06 AM (IST)

हिमंत बिस्वा सरमा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आईएनडीआईए गठबंधन द्वारा पारित प्रतीकात्मक महाभियोग प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष पर कटाक्ष किया।

सीएम हिमंत सरमा ने इंडी गठबंधन के महाभियोग प्रस्ताव पर कसा तंज

सीएम हिमंत सरमा ने इंडी गठबंधन के महाभियोग प्रस्ताव पर कसा तंज

HighLights

  1. असम के मुख्यमंत्री ने इंडी गठबंधन के महाभियोग प्रस्ताव पर कसा तंज

  2. बोले सोनिया गांधी ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के कई प्रयास किए

एएनआई, गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी केवल मॉक संसद में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं, जबकि वास्तविक संसद में नरेन्द्र मोदी ही प्रधानमंत्री बने रहेंगे।

हिमंत बिस्वा सरमा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आईएनडीआईए गठबंधन द्वारा पारित प्रतीकात्मक महाभियोग प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष पर कटाक्ष किया।

उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के कई प्रयास किए, लेकिन सभी असफल रहे। इसके बाद खरगे के आवास पर माक संसद आयोजित की गई, जहां राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाया गया।

सरमा की यह टिप्पणी चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच जारी राजनीतिक टकराव के बीच आई है।

गौरतलब है कि आइएनडीआइए गठबंधन ने शनिवार को दिल्ली में माक संसद आयोजित कर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रतीकात्मक महाभियोग प्रस्ताव पारित किया था।

इसके बाद रविवार को रामलीला मैदान में विशाल रैली आयोजित की गई, जिसमें राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, ममता बनर्जी और अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए।

असम में बाढ़ के कारणों की जांच के लिए सीबीआइ जांच का करेंगे अनुरोध : सरमा

असम सरकार ने इस वर्ष की शुरुआत में शिवसागर और चराइदेव जिलों में आई विनाशकारी बाढ़ के सटीक कारण का पता लगाने के लिए सीबीआइ जांच की मांग करते हुए केंद्र सरकार को पत्र लिखने का फैसला किया है।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को यह जानकारी दी।मंत्रिमंडल की बैठक के बाद प्रेस कान्फ्रेंस में सरमा ने बताया कि सरकार अगले 10 दिनों के भीतर केंद्र को पत्र भेजेगी, लेकिन जांच सौंपने का अंतिम फैसला केंद्र को करना है। हम चाहते हैं कि बाढ़ का सटीक कारण सामने आए। कुछ महीने पहले दिखौ नदी ने पूर्वी असम के चराइदेव, शिवसागर और जोरहाट जिलों में काफी तबाही मचाई थी।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने असम सेवा एवं अनुशासन नियम में संशोधन को मंजूरी दी है और बहुविवाह के संबंध में एक नया प्रविधान जोड़ा है।

इसके तहत बहुविवाह में शामिल पाए जाने पर किसी भी सरकारी कर्मचारी को सेवा से बर्खास्त कर दिया जाएगा, भले ही उसका धर्म कोई भी हो। यह भविष्य में रोजगार पाने के लिए भी अयोग्यता होगी।

राहुल के 'विदेशी मदद' वाले बयान पर भाजपा ने ब्रिटेन का पुराना वीडियो साझा कर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विदेशी मदद से सत्ता में आने संबंधी राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा ने कांग्रेस सांसद का ब्रिटेन दौरे का पुराना वीडियो साझा करते हुए उन पर भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप की मांग करने का आरोप लगाया।


भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर राहुल गांधी का पुराना वीडियो साझा किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले लंदन में भाषण देते हुए राहुल गांधी ने विदेशी हस्तक्षेप की मांग की थी। केसवन के मुताबिक, राहुल ने कहा था कि यह सिर्फ भारत की लड़ाई नहीं है।

केसवन ने राहुल गांधी को ‘घटिया’ बताते हुए आरोप लगाया कि विदेशी हस्तक्षेप को लेकर उनके बयान बार-बार उन्हीं के लिए मुश्किलें खड़ी करते हैं। भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी की मार्च 2023 की ब्रिटेन यात्रा का भी जिक्र किया। इस दौरान कांग्रेस नेता ने ब्रिटिश सांसदों और थिंक टैंकों को संबोधित करते हुए भारत में लोकतंत्र की स्थिति पर चिंता जताई थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।