विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'2024 के चुनाव में 13.20 करोड़ लोग अवैध तो चुनाव वैध कैसे?' महाभियोग कार्यक्रम में राहुल गांधी के तीखे सवाल

By Sanjay MishraEdited By: Shubham Kumar
Published: Sat, 31 Oct 2026 09:41 PM (IST)

राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने के लिए आक्रामक अभियान की घोषणा की।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी।

HighLights

  1. राहुल गांधी ने CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने का अभियान छेड़ा।

  2. मतदाता सूची से 13.20 करोड़ मतदाताओं को हटाने पर सवाल।

  3. 2024 चुनाव की वैधता पर उठाए गंभीर प्रश्न।

संजय मिश्र, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण में गड़बड़ियाें को लेकर विवादों में घिरे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के विपक्षी दलों के अभियान को और आक्रामक बनाने का एलान किया। 

साथ ही महाभियोग कार्यक्रम के दौरान दावा किया कि ज्ञानेश कुमार अब ज्यादा दिनों तक सीईसी के पद पर टिक नहीं पाएंगे। उनके पास कुछ ऐसे ठोस सबूत हैं जिनका खुलासा होने के बाद यह सुनिश्चित हो जाएगा कि सीईसी इस पद पर न बने रहें और फिर भी भाजपा ज्ञानेश कुमार को बचाने पर अड़ी रहती है तो भाजपा का खेल सबके सामने उजागर हो जाएगा।

एसआइआर-वोट चोरी को अंजाम सुनियोजित तरीके से अंजाम देने का सीईसी पर आरोप लगाते हुए नेता विपक्ष ने कहा कि ज्ञानेश कुमार पीएम मोदी तथा गृहमंत्री अमित शाह की आड़ लेकर छिपने का प्रयास कर रहे हैं मगर विपक्षी दलों की एकजुटता का हथियार उन लोगों को बचकर जाने नहीं देगा जिन्होंने भारतीय संघ और संविधान पर हमला किया है।

राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10 राजाजी मार्ग पर विपक्षी दलों की हुई जन संसद में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पारित जन महाभियोग प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए राहुल गांधी ने सीईसी तथा उनके विश्वासपात्रों की टीम को खुली चेतावनी देते हुए तीखा हमला किया।

राहुल गांधी ने कहा कि हम आपको बचकर नहीं जाने देंगे। मैं उन लोगों को बताना चाहता हूं कि जिन्होंने भारतीय संघ पर यह हमला किया उसमें ज्ञानेश कुमार तो बस एक हिस्सा हैं। ऐसे और भी कई लोग हैं। हम जानते हैं कि वे कौन हैं। अच्छी तरह समझते हैं कि वे क्या हैं। यह आपके लिए एक चेतावनी है।

अपने भाषण में राहुल ने आगे कहा कि हालात बदल रहे हैं इसलिए कृपया इस चेतावनी को सुनें और समझ लें। आप इसी रास्ते पर चले तो विपक्ष का यह नया राजनीतिक हथियार आपको बहुत बुरी तरह चोट पहुंचाएगा। प्यार और स्नेह से यह कह रहा हूं क्योकि हम कोई बुरे या दुष्ट लोग नहीं हैं। लेकिन हम संविधान और अपने नागरिकों की आवाज की रक्षा जरूर करेंगे।

जनमहाभियोग प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि ज्ञानेश कुमार पर अदालत में देशद्रोह का मुकदमा भी चलना चाहिए ताकि न्याय हो सके। खरगे के आवास पर जन संसद बुलाने को विडंबना बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष के करीब 250 सांसद, सिविल सोसाईटी, मीडिया, यहां लॉन में सीईसी के खिलाफ महाभियोग के लिए बैठी है, क्योंकि हमारे पास कोई रास्ता नहीं था, न्यायपालिका कहां है, हर संस्थागत तंत्र हमारे लिए बंद हो गया है।

राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में हम जनता की बात नहीं रख सकते। उन्होंने कहा कि एसआईआर में 13.20 करोड मतदाताओं को वोटर लिस्ट से हटाने का अर्थ है कि हर सातवें में से एक वोटर यानि देश के 15 प्रतिशत वोट हटा दिए गए हैं।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इन वोटरों ने 2024 लोकसभा चुनाव में वोट किया। चुनाव आयोग हटाए गए इन लोगों को अवैध वोटर बता रहा तो दूसरी ओर 2024 लोकसभा चुनाव को वैध बता रहा और यह दोनों एक साथ तर्क संगत नहीं हो सकते या तो चुनाव अवैध था या फिर वोटर वैध हैं।

देश में जनता का मूड बदलने का दावा करते हुए राहुल गांधी ने रविवार को विपक्ष की रामलीला मैदान में होने वाली रैली में जुटने वाली भीड़ की ओर इंगित करते हुए कहा कि कल दिल्ली की सड़कों पर देश का मूड दिखेगा। आप चुनाव में धांधली करते रहिए। सीबीआइ और इडी का इस्तेमाल करते रहिए। यह तात्कालिक है।हम न भूलेंगे न माफ करेंगे क्योंकि, यह देश की बुनियाद और आत्मा पर हमला किया है जिसके लिए हम उन्हें छोड़ेंगे नहीं।

सत्ता के संरक्षण में एसआईआर के जरिए लोकतंत्र पर हमले का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार हों चाहे मोदी-शाह और हर वह व्यक्ति जो संस्थाओं के पीछे छुपकर बच रहा है उसे याद रखना चाहिए कि संस्था हमेशा नहीं रहेगी।

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि विपक्ष की ताकत और जनता के प्रतिनिधियों का आज या कल जन उन्हें सामना करना ही पड़ेगा। सीईसी हो या उनके टीम आप इस खेल को सामान्य दायरे ही नहीं कानूनी दायरे से बाहर ले गए हैं इसलिए आप ही हमारे पहले निशाने पर हो। कोई कानूनी कवच या पीएम मोदी-अमित शाह उन्हें बचा नहीं पाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।