विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

राहुल गांधी ने तेल-गैस की कीमतों को लेकर सरकार पर साधा निशाना, कहा- कांग्रेस सरकार में कभी नहीं हुए इतनी महंगाई

By AgencyEdited By: Amit Singh
Published: Sun, 25 Sep 2022 04:30 AM (IST)

हालीवुड की ब्लाकबस्टर फिल्म 2012 के अभिनेता जान कुसैक ने भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्रा का समर्थन किया ...और पढ़ें

तेल गैस की कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना
तेल गैस की कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना

त्रिसूर, प्रेट्र: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को तेल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा। कांग्रेस नेता ने कहा कि महंगाई के मूल मुद्दों से देश के लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नफरत और हिंसा फैला रहे हैं।

भारत जोड़ो यात्रा के तहत शनिवार की यात्रा के समापन पर थेक्किकडु में जमा लोगों को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि भारत सरकार देश के पांच या छह सबसे अमीर लोगों के हित में चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पूछते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया है। वह प्रधानमंत्री से कहना चाहते हैं कि कांग्रेस ने कभी इतनी बेरोजगारी नहीं दी, जितनी उनकी सरकार ने दी है। कांग्रेस सरकार में कभी उतनी महंगाई नहीं हुई, जितनी इस सरकार में हुई है। यूपीए सरकार के दौरान रसोई गैस का सिलेंडर 400 रुपये में मिलता था, जो अब 1,000 रुपये में मिल रहा है।

इससे पहले, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को आराम करने के बाद शनिवार तड़के केरल के त्रिसूर जिले के पेराम्बरा से अपनी भारत जोड़ो यात्रा फिर शुरू की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा कि पेराम्बरा से यात्रा सुबह करीब 6:35 बजे शुरू हुई। शनिवार को केरल में यात्रा का 16वां दिन था। शुक्रवार को भारत जोड़ो यात्रा में विश्राम का दिन था। सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा में यह दूसरा विश्राम दिवस था। चलकुडी में विश्राम के दिन यात्रियों और सेवा दल की टीम के लिए चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया था।

हालीवुड अभिनेता जान कुसैक ने किया यात्रा का समर्थन

हालीवुड की ब्लाकबस्टर फिल्म '2012' के अभिनेता जान कुसैक ने भी राहुल गांधी की यात्रा का समर्थन किया है। कुसैक ने ट्वीट किया और कहा कि वह 'हर जगह फासीवाद विरोधी' के साथ एकजुटता में खड़े हैं। 56 वर्षीय अभिनेता ने ट्विटर पर लिखा, 'भारतीय संसद के सदस्य राहुल गांधी केरल से कश्मीर की यात्रा कर रहे हैं।' एक यूजर ने राहुल गांधी का समर्थन करने के लिए उनका धन्यवाद किया तो उन्होंने लिखा कि वह फासीवाद का विरोध करने वालों के साथ हैं। बता दें कि कुसैक ने कृषि सुधार कानूनों और नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ विरोध करने वालों का भी समर्थन किया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।