विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी सोच वाले'; राहुल गांधी ने अर्धनारीश्वर की तस्वीर शेयर कर भाजपा-आरएसएस पर साधा निशाना

Published: Sun, 22 Nov 2026 04:11 PM (GMT+05:30)

राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस को असभ्य, लालची और पुरुष-प्रधान सोच वाला बताते हुए भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं की समझ पर सवाल उठाया। 

राहुल गांधी ने भाजपा को बताया असभ्य (फोटो-@RahulGandhi/x)

राहुल गांधी ने भाजपा को बताया असभ्य (फोटो-@RahulGandhi/x)

HighLights

  1. राहुल गांधी ने भाजपा-आरएसएस को असभ्य, लालची, जातिवादी कहा।

  2. अर्धनारीश्वर तस्वीर साझा कर आध्यात्मिक समझ पर सवाल उठाए।

  3. बयान पर भाजपा ने आलोचना की, कांग्रेस ने समर्थन किया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा है। उन्होंने बीजेपी और आरएसएस को असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष-प्रधान सोच वाले करार दिया और आरोप लगाया है कि उन्हें भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को कोई समझ नहीं है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई एक पोस्ट में लिखा, मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितना गहराई से समझता हूं, उतनी ही चीजें स्पष्ट होती जाती हैं। बीजेपी और आरएसएस असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष-प्रधान सोच वाले लोग हैं, जिन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की बिल्कुल भी समझ नहीं है।

शिव और पार्वती की तस्वीर की शेयर

राहुल गांधी ने एक तस्वीर भी साझा की है, जिसमें भगवान शिव और देवी पार्वती को अर्धनारीश्वर रूप में दर्शाया गया है। अर्धनारीश्वर हिंदू धर्म का एक स्वरूप है, जिसमें भगवान शिव और देवी पार्वती एक ही शरीर में समाहित हैं। इसमें आधा हिस्सा पुरुष का और आधा हिस्सा स्त्री का है।

बयान को लेकर हुई आलोचना

राहुल गांधी की यह टिप्णणी तब आई है, जब उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग-अ जर्नी ऑफ लव के विमोचन के दौरान अपने माता-पिता के रिश्ते को लेकर बयान दिया था। इस बयान को लेकर उनकी काफी आलोचना हुई थी।

अपने बचपन को याद करते हुए उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता खाना खाते समय एक साथ बैठते थे, और उनकी मां अक्सर उनके पिता की गोद में बैठती थीं।

उन्होंने कहा, मुझे लगा कि यह एक सामान्य बात है। जब मैं अपने दोस्तों के घर जाता था, तो उनके माता-पिता को एक-दूसरे की गोद में नहीं देखता था। तब मैं अपने दोस्तों से पूछता था, अरे, यह क्या हो रहा है? तुम्हारी मां तुम्हारे पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं?।

उन्होंने आगे कहा, और फिर हमने देखा कि यह सब कैसे बिखर गया। धीरे-धीरे नहीं, बल्कि अचानक हमने देखा कि हमारी एक मुख्य आधार (इंदिरा गांधी) को गोली मार दी गई, और फिर हमारे सबसे बड़े आधार (राजीव गांधी) को बम से उड़ा दिया गया।

बीजेपी नेताओं ने की आलोचना

राहुल गांधी की इन टिप्पणियों पर भाजपा नेताओं ने कड़ी आलोचना की है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी कांग्रेस नेता पर निशाना साधा। एक्स पर पोस्ट कर हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, वह आपके जीवन के इतने ख़ास दिन पर भी आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा पाए। देश को तो यह बात बहुत पहले ही समझ आ गई थी। उम्मीद है कि अब आप भी इसे समझ जाएंगी; यह प्रोडक्ट अब लॉन्च या री-लॉन्च होने लायक नहीं बचा है।

इस पर पलटवार करते हुए राहुल ने कहा कि डर, गुस्से और नफरत ने बीजेपी और आरएसएस समर्थकों के दिलों में एक जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्यार जाहिर करने से रोकता है। उन्होंने एक 12वीं सदी के एक मंदिर की मूर्ति की तस्वीर भी शेयर की, जिसमें देवी पार्वती भगवानशिव की गोद में बैठी हुई दिखाई दे रही हैं।

उन्होंने कहा, एक सच्चे हिंदू के तौर पर, मेरा फर्ज है कि मैं उन्हें इस जाल से आजाद करूं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्यार और अपनापन की अद्भुत सुंदरता और आनंद को महसूस कर सकें। सत्यम शिवम सुंदरम।

कांग्रेस ने राहुल की टिप्पणी का समर्थन करते हुए कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता ने एक बहुत जरूरी बातचीत की शुरुआत की है।

पार्टी ने एक्स पर एक पोस्ट में राहुल की टिप्पणी को टैग करते हुए लिखा, प्यार को छिपाने की जरूरत नहीं होती, स्नेह कोई कमजोरी नहीं है, और समानता की शुरुआत अपने साथी को बराबर का दर्जा देने से होती है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।