'वेंटीलेटर पर है कांग्रेस पार्टी, अब बड़े हो जाएं राहुल गांधी'
भाजपा नेता सी.के. बोस ने जोर देकर कहा कि अब कांग्रेस के नेताओं को बड़ा होना चाहिए।
नई दिल्ली, एएनआइ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा मोदी सरकार पर बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे पर किए गए हमले का करारा जवाब दिया है। भाजपा नेता जीवीएल नरसिंह राव ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस समय वेंटीलेटर पर है।
जीवीएल ने कहा, 'राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी बेहद उम्मीद कर रही है कि देश की अर्थव्यवस्था पर उनका मजाक लोगों को कांग्रेस का समर्थन देगा। लेकिन कांग्रेस ऐसी पार्टी है, जो इस समय वेंटीलेटर पर है। इसलिए उम्मीद करना व्यर्थ है।'
राव ने कहा, 'देश की अर्थव्यवस्था प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में सुरक्षित है। कई क्षेत्रों में क्रन्तिकारी बदलाव आ रहे हैं जो कांग्रेस पार्टी को इस क़दर उकसा रहे हैं कि उनके उपाध्यक्ष राहुल गांधी किसी सी ग्रेड कॉमेडियन कि तरह बर्ताव कर रहे हैं।'
वहीं भाजपा नेता सी.के. बोस ने जोर देकर कहा कि अब कांग्रेस के नेताओं को बड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को अब बड़ा हो जाना चाहिए, वह काफी समय से एक राजनीतिक जीवन में हैं। लेकिन लगता है कि समय के साथ-साथ उनकी परिपक्वता और भी कम होती जा रहे है। अर्थव्यवस्था को लेकर समस्याएं हमें कांग्रेस की पूर्व सरकारों से विरासत में मिली है। देश को पहली बार कोई ऐसी सरकार मिली है जो इतने बड़े निर्णय लेने का दम रखती है।
गौरतलब है कि गुरुवार को राहुल गांधी ने पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स के 112वें वार्षिक सत्र में भाग लेते हुए पीएम मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा था कि भारत में बढ़ती बेरोजगारी 'एमएमडी' यानि मोदी मेड डिजास्टर है।
यह भी पढ़ें: संजय राउत ने कहा, राहुल गांधी देश का नेतृत्व करने में सक्षम