राहुल गांधी ने लॉन्च की 'सत्याग्रह' वेबसाइट, छात्रों-किसानों और Gen Z से कहा- अपनी स्टोरी शेयर करें
राहुल गांधी ने 'सत्याग्रह' नामक एक नई वेबसाइट लॉन्च की है, जिसका उद्देश्य देश भर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों की जानकारी को एक मंच पर एकत्रित करना है।
HighLights
राहुल गांधी ने 'सत्याग्रह' वेबसाइट का शुभारंभ किया।
इसका लक्ष्य देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों की जानकारी एकत्र करना है।
लोगों को अपनी संघर्ष की कहानियां साझा करने को कहा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज शनिवार, 3 सितंबर को एक नई वेबसाइट 'सत्याग्रह' लॉन्च की है। कांग्रेस नेता के इस अभियान का मकसद देश भर में अलग-अलग मुद्दों पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों की जानकारी को एक जगह इकट्ठा करना है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ये वेबसाइट महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अगले दिन लॉन्च की है। राहुल गांधी ने वेबसाइट लॉन्च पर लिखा, 'बापू ने हमें सिखाया था, सत्य ही सबसे बड़ा हथियार है। लेकिन उससे भी बड़ा हथियार है सत्य के साथ एकजुट होकर खड़ा होना।'
राहुल गांधी ने कहा- अपने सत्याग्रह की स्टोरी शेयर करें
राहुल गांधी ने आज सुबह इस वेबसाइट के बारे में बताते हुए लिखा, देश भर में लोग अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं और अक्सर अकेले ही लड़ रहे हैं।
कांग्रेस सांसद ने आगे लिखा, 'देशभर के कोने-कोने में प्रोटेस्ट हो रहे हैं। Gen Z, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित, महिलाएं हर संघर्ष की अपनी कहानी है। लेकिन जो आवाज अकेले उठती है, उसे अक्सर दबा दिया जाता है।'
राहुल गांधी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों के बारे में बताते हुए लिखा, 'सत्याग्रह इन आवाजों को एक मैप पर एक साथ लाने की एक पहल है। बापू ने हमें सिखाया था, सत्य ही सबसे बड़ा हथियार है। लेकिन उससे भी बड़ा हथियार है सत्य के साथ एकजुट होकर खड़ा होना।'
कांग्रेस नेता ने वेबसाइट के बारे में बताते हुए लिखा, 'अगर आप भी किसी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं तो अपनी कहानी शेयर करें। इसमें बस दो मिनट लगेंगे।'
राहुल गांधी ने आगे बताया, 'आपकी कहानी मैप पर दिखेगी। आप देख पाएंगे कि आपकी तरह और कौन लड़ रहा है। इसमें मैं जो कुछ भी कर सकता हूं संसद में, सड़कों पर, चिट्ठियां लिखकर, जहां भी मेरी जरूरत हो आपके साथ खड़े होकर, वह सब करूंगा। विपक्ष के नेता के तौर पर यह मेरी जिम्मेदारी है। अपनी सत्याग्रह की कहानी मुझे यहां बताएं।'
-1791012989386.webp)
