'आपका अपना कबूलनामा', उद्योग जगत पर PM मोदी के 'भूख' वाले तंज पर राहुल गांधी का पलटवार
पीएम मोदी द्वारा उद्योग जगत पर रोजगार और वेतन न बढ़ाने की आलोचना के बाद, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने पलटवार किया।

पीएम मोदी के बयान पर राहुल गांधी का पलटवार।
HighLights
पीएम मोदी ने उद्योग जगत को रोजगार और वेतन न बढ़ाने पर कोसा।
राहुल गांधी ने इसे पीएम की आर्थिक नीतियों की विफलता कहा।
कांग्रेस ने सरकार पर छोटे व्यवसायों को कमजोर करने का आरोप लगाया।
डिजटल डेस्क, नई दिल्ली। बीते दिन गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान उद्योग जगत की आलोचना की थी। पीएम मोदी का कहना था कि सरकारी रियायतों के बावजूद उद्योग जगत में ना तो रोजगार बढ़ा है और ना ही कर्मचारियों का वेतन।
ऐसे में अब इसी आलोचना को आधार बनाकर कांग्रेस ने पीएम मोदी पर पलटवार किया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी पर अपनी सरकार की आर्थिक नाकामियों का ठीकरा उद्योगपतियों पर फोड़ने का आरोप लगाया। दोनों नेताओं ने कहा कि सरकार की नीतियों ने छोटे कारोबारों को कमजोर किया, एकाधिकार को बढ़ावा दिया और रोजगार पैदा करने में विफल रहीं।
राहुल गांधी बोले- ये आरोप नहीं, आपका कबूलनामा है
गुरुवार को नई दिल्ली में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के सालाना कार्यक्रम में पीएम मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उद्योगपतियों की आलोचना दरअसल खुद की सरकार की नाकामियों को स्वीकार करना है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में राहुल ने लिखा कि मोदी जी, ये उन पर आरोप नहीं हैं, ये आपका खुद का कबूलनामा है। सरकारी रियायतों को लेकर उद्योग जगत की भूख वाले पीएम के बयान को उन्हीं पर पलटते हुए राहुल ने कहा कि देश जानता है कि इस स्थिति के लिए असली जिम्मेदार कौन है।
पूरा देश जानता है, यह भूख किसकी है- राहुल
अपने पोस्ट में नेता प्रतिपक्ष ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए आगे कहा कि आप कहते हैं इनकी भूख इतनी है कि पेट ही नहीं भरता। खूब कहा... पूरा देश जानता है कि यह भूख किसकी है।
राहुल ने आरोप लगाया कि सरकार ने हवाई अड्डे, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़क जैसे अहम क्षेत्र चुनिंदा कारोबारी हितों को सौंप दिए। उन्होंने सवाल किया कि बदले में इन कंपनियों ने कितने रोजगार पैदा किए?
नोटबंदी को लेकर भी उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने नोटबंदी और कथित तौर पर खामियों से भरे जीएसटी (GST) के जरिए छोटे व्यापारियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से प्रतिस्पर्धा करने वाली कंपनियां भी सरकार की नीतियों के कारण पिछड़ गईं। राहुल ने कहा कि एकाधिकार से रोजगार पैदा नहीं होता। इससे कीमतें बढ़ती हैं और प्रतिस्पर्धा खत्म होती है।
पीएम मोदी की इस टिप्पणी पर तंज कसते हुए कि उद्योग जगत सरकार के कदम उठाने और नतीजे देखने का इंतजार करता है, राहुल ने प्रधानमंत्री और उनके करीबियों पर व्यवस्था से फायदा उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आप करो, हम देखेंगे? मोदी जी, लूट आपने और आपके दोस्तों ने की, देश ने देखा और अब भी देख रहा है।
संबोधन में तालियों की कमी पर भी ली चुटकी
राहुल ने अपने पोस्ट में संबोधन के दौरान तालियों की कमी पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों ने उद्योगपतियों, छोटे व्यापारियों, गरीबों, मध्यम वर्ग और बेरोजगार युवाओं के पास खुश होने की कोई वजह नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि अपने बचे-खुचे समर्थकों से ही तालियां और थाली बजवाइए।
खरगे बोले- 12 साल बाद जागे प्रधानमंत्री
इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी प्रधानमंत्री की आलोचना की। उन्होंने पीएम मोदी पर अपनी सरकार द्वारा पैदा की गई आर्थिक समस्याओं के लिए कारोबारी समुदाय को जिम्मेदार ठहराने का आरोप लगाया।
खरगे ने कहा कि लेकिन, अपनी आदत के मुताबिक पीएम मोदी ने FICCI के अपने भाषण में अपनी नाकामियों के लिए कारोबारी समुदाय को दोषी ठहराया। उन्होंने आगे जोड़ा कि ऐसा लगा जैसे प्रधानमंत्री ही विपक्ष के नेता हों। वे 12 साल बाद जागे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।