'तेरा चाचा चोर है', इमरजेंसी के तानों पर प्रियंका गांधी ने स्कूल में एक लड़के को जड़ दिया था थप्पड़
राहुल और प्रियंका गांधी ने एक वीडियो में अपनी मां सोनिया गांधी के साथ आपातकाल के बाद के बचपन के संवेदनशील अनुभवों को साझा किया।

राहुल और प्रियंका गांधी ने बताया आपातकाल के बाद का बचपन का संघर्ष (फोटो-@RahulGandhi/x)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 1977 के आम चुनाव में मिली हार और इमरजेंसी के बाद के दौर ने नेहरू-गांधी परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी और बच्चों के बचपन को किस तरह गहरे तक प्रभावित किया था, इसकी झलक मंगलवार को जारी एक खास वीडियो में देखने को मिली।
व्हाट मां लेफ्ट आउट ऑफ हर बुक (मां ने अपनी किताब में क्या नहीं लिखा) शीर्षक से सामने आए इस वीडियो में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी मां सोनिया गांधी के साथ खुलकर बातचीत की और अपने बचपन के संवेदनशील, भावुक व तनावपूर्ण दिनों को याद किया।
घर का तनाव और स्कूल के ताने
बातचीत के दौरान दोनों भाई-बहनों ने उस समय को याद किया जब इमरजेंसी के बाद उनकी दादी इंदिरा गांधी और चाचा संजय गांधी को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। इस राजनीतिक बदलाव के साथ परिवार को एक दूसरे घर में शिफ्ट होना पड़ा। प्रियंका ने उस दौर के माहौल को बयां करते हुए कहा, उस समय माहौल में बहुत तनाव था।
चुनाव परिणामों के बाद जब पहली बार दोनों स्कूल गए, तो वहां का अनुभव भी आसान नहीं था। प्रियंका ने बताया कि स्कूल में एक लड़के ने उनके चाचा संजय गांधी को लेकर ताना मारा, जो उस वक्त किस्सा कुर्सी का मामले में जेल में थे।
प्रियंका के मुताबिक, मुझे याद है कि एक छोटा लड़का मेरे पास आया और बोला, तेरा चाचा जेल में है; तेरा चाचा चोर है। मैंने उसे एक थप्पड़ मार दिया और वह रोने लगा। हम टीचर के पास गए और मुझे डांट पड़ी। यह घटना दर्शाती है कि कैसे बड़ों की सियासी लड़ाई और कानूनी कार्रवाइयों का सीधा असर बच्चों के व्यवहार और स्कूल के माहौल पर पड़ रहा था।
अकेलापन, रूखापन और एक सच्चा दोस्त
वहीं, राहुल गांधी ने स्कूल में महसूस किए गए एक अलग किस्म के अकेलेपन का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि चुनाव के बाद स्कूल के पहले दिन जब वे अपनी सीट पर बैठे, तो कोई भी उनके बगल में नहीं बैठा। सहपाठी उनसे बात नहीं कर रहे थे और उनका व्यवहार काफी रूखा था।
जब राहुल ने बच्चों द्वारा अपनी दादी इंदिरा गांधी के बारे में कही गई बातों का जिक्र किया, तो सोनिया गांधी ने भी बीच में अपनी प्रतिक्रिया दी।
परिवार ने एक बर्थडे पार्टी का भी जिक्र किया, जिसे प्रियंका ने हालात को सामान्य बनाने और रिश्ते सुधारने की कोशिश में रखा था। इस पार्टी में 32 बच्चों को न्योता दिया गया था, लेकिन तय समय से 15 मिनट बाद तक कोई नहीं पहुंचा। अंततः सिर्फ एक दोस्त आया, जिसके बारे में राहुल ने बताया कि वह आज भी उनके साथ है।
बचपन से संसद तक दोनों के अलग स्वभाव
इस बातचीत में राहुल और प्रियंका के अलग-अलग व्यक्तित्व भी खुलकर सामने आए। प्रियंका ने बताया कि वह स्कूल में प्रीफेक्ट रहीं और स्कूल के अनुशासन व सिस्टम में अच्छी तरह ढल गईं। इसके उलट राहुल ने खुद को विद्रोही स्वभाव का बताया, जो सवाल पूछने और व्यवस्थाओं को चुनौती देने में विश्वास रखता था।
राहुल ने कहा, वह विद्रोही नहीं थीं। वह हमेशा नियमों का पालन करती थीं। और मैं विद्रोही था, हमेशा सवाल पूछता रहता था। प्रियंका ने हल्के-फुल्के अंदाज में यह भी जोड़ा कि आज संसद में भी दोनों के स्वभाव का यही अंतर नजर आता है, जहां वह सिस्टम के मुताबिक ढल जाती हैं, वहीं राहुल ऐसा नहीं करते।
गौरतलब है कि यह वीडियो सोनिया गांधी की आत्मकथा बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव के विमोचन के कुछ दिनों बाद जारी किया गया है, जिसमें उनके पारिवारिक जीवन और आपातकाल से जुड़े कई प्रसंग दर्ज हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।