मथुरा का पुष्पेंद्र टंगडार में शहीद, जवाब में जवानों ने पाकिस्तानी ठिकानों पर मचाई तबाही
इस घटना के बाद भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तानी ठिकानों पर ताबड़ तोड़ गोलाबारी कर तबाही मचाई।
श्रीनगर [राज्य ब्यूरो]। उत्तरी कश्मीर में टंगडार (कुपवाड़ा) सेक्टर में एलओसी पर तैनात एक सैन्यकर्मी सोमवार को पाकिस्तानी सेना के स्नाईपर शूटर की गोली से शहीद हो गया। इस घटना के बाद भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तानी ठिकानों पर ताबड़ तोड़ गोलाबारी कर तबाही मचाई। लेकिन एलओसी पर पाकिस्तानी सेना को पहुंचे नुक्सान का तत्काल ब्यौरा नहीं मिल पाया है।
यहां मिली जानकारी के अनुसार, आज तड़के पाकिस्तानी सेना ने जंगबंदी का उल्लंघन करते हुए टंगडार सेक्टर में जाल एलपी नामक अग्रिम चौकी पर तैनात एक जवान पर स्नाईपर शॉट दागा। गोली लगने से जवान गंभी रुप से घायल हो गया। उसे उसके साथियों ने उसी समय उठाया और श्रीनगर स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया। अस्पताल में आज दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे वह अपने जख्मों की ताव न सहते हुए चल बसा। शहीद जवान की पहचान सेना की 20 जाट रेजिमेंट के सिपाही पुष्पेंद्र सिंह के रुप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश में मथुरा का रहने वालाथा।
संबधित अधिकारियों ने बताया कि सिपाही पुष्पेंद्र को अस्पताल पहुंचाने का बंदोबस्त करते हुए उसकेसाथियों ने भी पाकिस्तानी सेना के ठिकानों पर गोलाबारी की। इसमें पाकिस्तानी सेना के अग्रिम ठिकानों को नुक्सान पहुंचने का दावा किया जा रहा है। लेकिन इस नुक्सान का तत्काल ब्यौरा उपलब्ध नहीं हो पाया है। इस घटना के बाद से पूरे टंगडार सेक्टर में तनाव बना हुआ है। संबधित फील्ड कमांडरों को दुश्मन के किसी भी दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए कहा गया है।