विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाली ट्रिप, पासपोर्ट और केतन की हत्या... मंगेतर सिया की खौफनाक साजिश की पूरी कहानी

Published: Tue, 23 Jun 2026 08:59 PM (IST)Updated: Wed, 24 Jun 2026 02:08 AM (IST)

पुणे के बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में एक बेहद सनसनीखेज खुलासा हुआ है। केतन की मंगेतर सिया ...और पढ़ें

केतन अग्रवाल हत्या मामला।

केतन अग्रवाल हत्या मामला।

HighLights

  1. रियल एस्टेट डायरेक्टर केतन अग्रवाल की हत्या का खुलासा।

  2. मंगेतर सिया गोयल और प्रेमी चेतन चौधरी गिरफ्तार।

  3. लोहगढ़ किले में खाई में धकेलकर की गई हत्या।

डिजिटिल डेस्क, पुणे। महाराष्ट्र के पुणे से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पुणे के एक नामी रियल एस्टेट कंपनी के डायरेक्टर केतन विशाल अग्रवाल के हत्या के मामले में अब जैसे-जैसे खुलासे सामने आ रहे हैं, वैसे-वैसे ये मामला और बड़ा और भयावह बनता जा रहा है। 

शुरुआत से बात करें तो केतन की मौत लोहगढ़ किले की खाई में गिरने से हुई और इसे पहले महज एक हादसा समझा जा रहा था, लेकिन अब जब सच सामने आया तब यह हत्या का मामला बन गया है। मामले में पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन बाबूलाल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही दोनों आरोपियों को सात दिन की पुलिस हिरासत भेजा गया है। 

'बाली ट्रिप और गायब पासपोर्ट का रहस्य'

बता दें कि केतन और सिया की सगाई इसी साल फरवरी में हुई थी और नवंबर में राजस्थान के एक महल में उनकी शाही शादी होने वाली थी। दोनों 6 जून को प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए इंडोनेशिया के बाली जाने वाले थे।

इसके बाद घर से निकलते वक्त कार में केवल चार लोग थे, केतन, उसकी बहन, सिया और सिया का भाई साहिल। रास्ते में सबने अपने पासपोर्ट, विदेशी करेंसी, क्रेडिट कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस चेक किए, जो एक ही पाउच में रखे थे। रास्ते में वे एक फूड मॉल पर रुके। वहां सिया ने कहा कि वह अपना मोबाइल भूल गई है और अकेले गाड़ी के पास वापस गई।

केतन और उसकी मंगेतर

जब केतन का पासपोर्ट हो गया था गायब

जब वे मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे, तो बाकी सबके पासपोर्ट सुरक्षित थे, लेकिन सिर्फ केतन का पासपोर्ट गायब था। पासपोर्ट न होने के कारण केतन बाली नहीं जा सका और उसे एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा। पिता का आरोप है कि यह पूरी तरह सोची-समझी साजिश थी ताकि ट्रिप कैंसिल हो जाए।

केतन अग्रवाल की मां का रो-रोकर बुरा हाल

वहीं अपने जवान बेटे को खोने के बाद केतन की मां का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। केतन की मां ने रोते हुए अपनी होने वाली बहू सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन बाबूलाल चौधरी के लिए देश की सबसे सख्त सजा यानी फांसी की मांग की है। केतन की मां ने बताया कि सिया ने पूरे परिवार को इस कदर अपने विश्वास में ले रखा था कि किसी को भी उस पर रत्ती भर भी शक नहीं हुआ।

सिया और उसका प्रेमी जिम्मेदार- केतन की मां

केतन की मां ने आगे कहा कि मेरा बेटा अब इस दुनिया में नहीं है। सिया और उसका बॉयफ्रेंड ही पूरी तरह से इसके जिम्मेदार हैं। सिया ने मेरे साथ बहुत बड़ा विश्वासघात किया और हमसे लगातार झूठ बोला। सगाई के बाद से मैं उससे कई बार मिली थी। हम अक्सर साथ में शॉपिंग करने जाते थे, बाहर डिनर पर जाते थे। उसे देखकर कभी हमारे दिमाग में यह बात नहीं आई कि वह इस तरह की लड़की हो सकती है।

सिया गायोल

मां की गुहार- कातिलों को मिले मौत की सजा

पीड़ित मां ने पुलिस और कानून से हाथ जोड़कर इंसाफ की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि जिस बेरहमी से उनके बेटे को मौत के घाट उतारा गया, उसी तरह इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को कोर्ट से सजा-ए-मौत मिलनी चाहिए।

प्री-बर्थजे सेलिब्रेशन के बहाने की मौत की साजिश

जानकारी के अनुसार बाली ट्रिप कैंसिल होने के बाद सिया ने एक नया प्लान बनाया। 19 जून को सिया का जन्मदिन था। केतन के पिता के मुताबिक, सिया ने जिद की और झगड़ा करके केतन को 18 जून को ही 'प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन' के लिए पुणे के पास लोहगढ़ किले चलने के लिए राजी कर लिया।

इसके बाद केतन 18 जून की सुबह 8:20 बजे घर से निकला। करीब ढाई घंटे बाद, सुबह 10:45 बजे सिया की मां का फोन केतन के परिवार के पास आया कि केतन लोहगढ़ किले की घाटी में गिर गया है। सिया ने पुलिस को बताया कि तेज हवाओं के कारण पैर फिसलने से केतन 400 फीट गहरी खाई में गिर गया। पुलिस ने भी शुरुआत में इसे एक दर्दनाक हादसा मानकर केस दर्ज किया था।

पिता को ऐसे हुआ शक

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि जब पुलिस केतन का शव लेकर आई, तो सिया के बर्ताव ने सबको चौंका दिया। उन्होंने बताया कि जब किसी महिला के मंगेतर या पति की मौत होती है, तो वह टूट जाती है। लेकिन सिया के चेहरे या व्यवहार में दुख का कोई नामोनिशान नहीं था। वह बिल्कुल सामान्य दिख रही थी। यही पहली बात थी जिसने हमें झकझोर दिया, लेकिन उस वक्त अस्पताल भागने की जल्दी में हमने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।

यह भी पढ़ें- 'शव देखकर सिया के चेहरे पर नहीं थी कोई शिकन', केतन अग्रवाल के पिता का फूटा गुस्सा; बताया कैसे हुआ शक?