'परिसीमन से दक्षिण भारत को होगा फायदा', चंद्रबाबू नायडू बोले- विधेयकों का समर्थन करे विपक्ष
नायडू ने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का महत्वपूर्ण कदम बताते हुए महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में भी बड़ी पहल करार दिया। नायडू शुक्रवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी की इस पहल का समर्थन करने आए हैं।

लोकसभा सीटें 50 फीसदी बढ़ाने के प्रस्ताव से दक्षिणी राज्यों को राहत: नायडू
HighLights
आंध्र के सीएम बोले- जनसंख्या आधारित परिसीमन से दक्षिण को प्रतिनिधित्व घटने की थी आशंका
30 साल से लंबित था महिला आरक्षण का मुद्दा, पीएम मोदी को दी बधाई, समर्थन देने दिल्ली पहुंचे
पीटीआई, नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी के प्रस्ताव का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से दक्षिणी राज्यों की उस चिंता का समाधान हो सकेगा, जिसके तहत उन्हें आशंका थी कि जनसंख्या आधारित परिसीमन में उनकी संसदीय हिस्सेदारी घट सकती है।
नायडू ने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का महत्वपूर्ण कदम बताते हुए महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में भी बड़ी पहल करार दिया।
नायडू शुक्रवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी की इस पहल का समर्थन करने आए हैं।
उन्होंने महिला आरक्षण को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि यह मुद्दा पिछले 30 वर्षों से लंबित था और वह खुद इस पूरी प्रक्रिया के गवाह रहे हैं।
दरअसल, प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या मौजूदा 543 से बढ़कर 850 तक हो सकती है।
केंद्र सरकार की संशोधित योजना में राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि और 2051 तक राज्यों के बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व अनुपात बनाए रखने का प्रस्ताव है। इससे 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के तहत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता भी आसान हो सकता है।
नायडू ने कहा कि दक्षिणी राज्यों को डर था कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने पर उनका संसदीय प्रतिनिधित्व प्रभावित होगा। इससे परिवार नियोजन और जनसंख्या नियंत्रण के लिए किए गए प्रयासों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका थी।
उन्होंने कहा कि यदि 1971 या 2011 की जनगणना के आधार पर सीटों का पुनर्निर्धारण होता तो दक्षिण भारत के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती थी।
उन्होंने बताया कि दक्षिणी राज्यों में प्रजनन दर घटकर 1.6 रह गई है, जबकि जनसंख्या का मौजूदा स्तर बनाए रखने के लिए 2.1 की प्रजनन दर जरूरी मानी जाती है। ऐसे में राज्यों को परिवार बढ़ाने की सलाह भी दी जा रही है।
जदयू ने बताया ईमानदार प्रयास, विपक्ष से सहयोग मांगा
उधर, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने संसद के आगामी विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों को पारित कराने का समर्थन किया है।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं को राजनीतिक व्यवस्था में उचित प्रतिनिधित्व देने का अपना वादा पूरा करने की दिशा में ईमानदार प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह बहाने बनाने के बजाय सरकार के साथ सहयोग करे। यदि विपक्ष महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और उनके अधिकारों को लेकर गंभीर है तो उसे इन विधेयकों को पारित कराने में सहयोग करना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।