यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जर्मनी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, IGC मीटिंग में लिया हिस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 6 दिवसीय यात्रा के पहले चरण में जर्मनी पहुंच गए हैं।

बर्लिन (एएनआई)। प्रधानमंत्री मोदी चार देशों जर्मनी, स्पेन, रूस और फ्रांस की छह दिन की यात्रा के प्रथम पड़ाव पर आज बर्लिन पहुंचे। यहां उनका स्वागत किया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री आइजीसी मीटिंग में शामिल हुए। इस मीटिंग में जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल भी उपस्थित थीं।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी की चार देशों जर्मनी, स्पेन, रूस और फ्रांस की 6 दिवसीय यात्रा का उद्देश्य चारों देशों के साथ आर्थिक संबंध और निवेश को बढ़ाना है।
Prime Minister Narendra Modi inspects guard of honour in Berlin, Germany pic.twitter.com/Y7uIv3Lsr3
— ANI (@ANI_news) May 30, 2017
इस बीच, मोदी के साथ गए प्रतिनिधिमंडल में शामिल वरिष्ठ मंत्री भी अपने जर्मन समकक्षों से बातचीत कर रहे हैं। इन मंत्रियों में वाणिज्य मंत्री निर्मला सीतारमण, ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल और विदेश राज्य मंत्री एम.जे.अकबर शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी यात्रा की पूर्व संध्या पर फेसबुक पोस्ट के जरिए कहा था, 'मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि यह यात्रा जर्मनी के साथ हमारे द्विपक्षीय संबंधों में एक नया अध्याय खोलेगी और हमारी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करेगी।' प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी और मर्केल की योजना व्यापार एवं निवेश, सुरक्षा और आतंकवाद निरोध, नवोन्मेष, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, शहरी ढांचा, रेलवे, नागर विमानन, स्वच्छ उर्जा, विकास सहयोग, स्वास्थ्य और वैकल्पिक औषधि पर जोर देते हुए सहयोग के लिए भविष्य की रूपरेखा तय करने की है।
