विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 17, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Lok Sabha Elections 2024: 'प्रधानमंत्री मोदी का काम वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना', राहुल गांधी ने बताया अमीरों की कठपुतली

Published: Wed, 17 Apr 2024 06:43 AM (IST)

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें देश के पांच-छह बड़े कारोबारियों ...और पढ़ें

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को देश के पांच-छह बड़े कारोबारियों की कठपुतली करार दिया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को देश के पांच-छह बड़े कारोबारियों की कठपुतली करार दिया।

पीटीआई, कोझिकोड़ (केरल)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें देश के पांच-छह बड़े कारोबारियों की कठपुतली करार दिया। राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी का काम असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना, अमीर उद्योगपतियों की रक्षा करना और उनके बैंक कर्जों को माफ करना है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी ने देश में 20-25 लोगों को करीब 16 लाख करोड़ रुपये दिए हैं। वायनाड के सांसद राहुल ने जिले के कोडियाथुर में रोड शो के दौरान कहा कि मोदी उन मुद्दों पर बात नहीं करते जिनका आज देश के किसान सामना कर रहे हैं। वह बेरोजगारी और महंगाई पर भी कुछ नहीं कहते।

उन्होंने कहा कि चूंकि मोदी देश के कुछ अमीर लोगों को पैसा दे रहे हैं, इसलिए कांग्रेस ने सत्ता में आने पर गरीबों को पैसा देने का फैसला किया है। उन्होंने देश के प्रत्येक गरीब परिवार की एक महिला को प्रति वर्ष एक लाख रुपये देने का वादा किया। महिलाओं के लिए उन्होंने सरकारी नौकरियों, पीएसयू और सरकारी कंपनियों में 50 प्रतिशत आरक्षण देने का भी आश्वासन दिया।

चुनावी बांड के मुद्दे पर राहुल ने कहा कि बांड योजना प्रधानमंत्री मोदी द्वारा की गई एक तरह की जबरन वसूली थी। इसके जरिये लक्षित व्यापारियों को डराने-धमकाने की रणनीति तैयार की गई। उन्होंने कहा कि हर छोटे शहर या गांव में कुछ लोग होते हैं जो सड़कों पर शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर पैसे वसूलते हैं। मलयालम में आप इस जबरन वसूली को 'कोल्ला आदिक्कल' (लूट) कहते हैं लेकिन मोदी इसे चुनावी बांड कहते हैं।

उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर संविधान को नष्ट करने और बदलने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव का यही एकमात्र बड़ा मुद्दा है और बाकी सभी मुद्दे इसी से निकले हैं। एक अन्य रोड शो के दौरान राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी के पास देश चलाने की समझ नहीं है।

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री के उस बयान का भी मजाक उड़ाया जिसमें उन्होंने लोगों से कोविड-19 महामारी के दौरान स्टील के बर्तन बजाने और अपने मोबाइल फोन की लाइटें जलाने के लिए कहा था। वायनाड सीट से इस बार भी जीत की उम्मीद लगा रहे राहुल लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद 15 अप्रैल को दूसरी बार अपने संसदीय क्षेत्र आए।

कांग्रेस नेता ने इस महीने की शुरुआत में वायनाड में अपना नामांकन पत्र दाखिल करने और एक विशाल रोड शो के बाद चुनाव अभियान की शुरुआत की थी। गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में वायनाड सीट पर 4,31,770 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। केरल की 20 लोकसभा सीटों के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा।

अग्निपथ योजना सेना और युवाओं का अपमान, सरकार बनते ही करेंगे निरस्त

राहुल ने सेना में भर्ती की अल्पकालिक अग्निपथ योजना को सेना और देश की रक्षा का सपना देखने वाले युवाओं का अपमान करार देते हुए कहा कि केंद्र में आईएनडीआईए की सरकार बनने के साथ ही इस योजना को तत्काल निरस्त कर पुरानी भर्ती प्रक्रिया बहाल की जाएगी।

राहुल गांधी ने एक्स पर कहा कि यह भारतीय सेना की नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यालय में बनी योजना है, जिसे सेना पर थोप दिया गया है। उन्होंने कहा कि बलिदानियों के साथ दो तरह का व्यवहार नहीं किया जा सकता, हर व्यक्ति जो देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देता है उसे शहीद का दर्जा मिलना चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।