कठुआ मामले पर बोले राष्ट्रपति, ऐसी घटना दुहराई ना जा सके संकल्प लें
राष्ट्रपति कोविंद आज माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय कटरा के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया और आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने यहां कठुआ मामले का भी जिक्र किया।
जम्मू (एएनआई)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो दिन के लिए जम्मू कश्मीर के दौरे पर हैं। वे आज ही अपनी पत्नी के साथ जम्मू एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एन.एन वोरा और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति कोविंद ने माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय कटरा के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया जहां उन्होंने कठुआ मामले पर भी अपने विचार रखे औऱ कहा कि ऐसी घटना दुहराई ना जा सके संकल्प लें।
इसके बाद शाम को जम्मू के हरि पैलेस में गणमान्य लोगों के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होने की भी योजना है। गुरुवार को वह श्री माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए कटरा जाएंगे। इसके बाद गुरुवार को ही दिल्ली रवाना होंगे। आपको बता दें कि रामनाथ कोविंद का भारत के राष्ट्रपति बनने के बाद जम्मू कश्मीर का यह दूसरा दौरा है।
समाज में हैं कुछ खामियां-महबूबा मुफ्ती
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री ने कठुआ मामले का भी जिक्र किया। मुफ्ती ने इस दौरान कहा कि, कैसे कोई एक छोटी सी लड़की के साथ इतना क्रूर अपराध को अंजाम दे सकता है जो माता वैष्णो देवी के स्थान से संबंध रखता है। समाज में जरुर कुछ खामियां हैं।
'ऐसी घटना दुहराई ना जा सके संकल्प लें..'
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी देश में हो रहे महिलाओं के खिलाफ अपराध पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि, आजादी के 70 सालों के बाद भी देश के किसी भाग में ऐसी घटना का होना शर्म की बात है। हमें इस पर सोचना है कि हम किस तरह के समाज का निर्माण कर रहे हैं। ये हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम इस बात को सुनिश्चित करें कि किसी भी लड़की या महिला के साथ ऐसी घटना दुहराई ना जा सके।
उन्होंने कहा कि भारत की बेटियों ने देश को कई पदक दिलाए हैं औऱ विश्व में देश का नाम रोशन किया है। दिल्ली से मनिका बत्रा, मणिपुर से मैरी कॉम, मीराबाई चानू, संगीता चानू, हरियाणा से मनु भाकेर और विनेश फोगाट, तेलंगाना से सायना नेहवाल और पंजाब से हिना सिंधु ये सभी भारत की गौरवशाली बेटियां हैं।