राष्ट्रपति मुर्मु ने भ्रामक सूचना और डीपफेक को बताया गंभीर खतरा, स्मार्ट पुलिसिंग पर जोर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आईपीएस परिवीक्षाधीन अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों में डर फैलाने वाली भ्रामक सूचना और डीपफेक गंभीर मुद्दे बन रहे हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि लोगों में डर फैलाने के लिए भ्रामक सूचना का प्रसार गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है और स्मार्ट पुलिसिंग से हालात को ज्यादा चुनौतीपूर्ण होने से रोका जा सकता है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने मंगलवार को यहां राष्ट्रपति भवन में उनसे मुलाकात करने आए भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) के 2025 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि डीपफेक सामग्री नए खतरे पैदा कर रही है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पुलिस अधिकारियों को अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने वाले अपराधियों से हमेशा आगे रहना चाहिए। लोगों में डर फैलाने के लिए भ्रामक सूचना का प्रसार गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है।
उन्होंने कहा,"आसानी से प्रभावित होने वाले लोगों, खासकर युवाओं को सुनियोजित दुष्प्रचार से गुमराह किया जा सकता है। ऐसी सुनियोजित शरारत स्थानीय, क्षेत्रीय या यहां तक कि राष्ट्रीय स्तर पर भी हो सकती है।"
उन्होंने कहा,"स्मार्ट पुलिसिंग से ऐसे हालात को ज्यादा चुनौतीपूर्ण और बड़ा होने से रोका जा सकता है।"
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि साइबर अपराध तेजी से फैल रहे हैं और ज्यादा गंभीर होते जा रहे हैं। नागरिकों के लिए पुलिस अधिकारी और कांस्टेबल शासन व्यवस्था के प्रतीक होते हैं।
राष्ट्रपति ने आईपीएस अधिकारियों से सामाजिक या आर्थिक रूप से कमजोर लोगों का डर दूर करने और उनकी शिकायतों के समाधान को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। ऐसे लोगों की आम तौर पर वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच नहीं होती।