प्री-मानसून की बारिश ने मुंबई को भिगोया, रेलगाड़ियां हुईं बाधित
शुक्रवार रात से ही मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा था। बादलों में गड़गड़ाहट और बिजली चमकने के साथ-साथ तेज हवाएं भी चल रही थीं। फिर शनिवार की सुबह से ही हल्की बारिश शुरू हो गई।
मुंबई, आइएएनएस। प्री-मानसून की बारिश ने मुंबई को भिगो दिया। इससे मुंबइवासियों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन इसने शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली रेल सेवा को भी बाधित किया। बारिश की वजह से शनिवार को कई ट्रेनें अपने तय समय से देरी से चलीं।
बेमौसम की इस बारिश के कारण मध्य रेलवे की ओवरहेड वायर में घाटकोपर के नजदीक तकनीकी खराबी आ गई, जिसकी वजह से स्थानीय रेल सेवा बाधित हो गई। ये तकनीकी खराबी सुबह के समय आई, जो लाखों लोग अपने घर से ऑफिस के लिए निकल चुके थे। ट्रेन देरी से चल रही थीं, इसलिए काफी लोग समय पर ऑफिस नहीं पहुंच पाए। शुक्रवार की रात को इसी तरह की एक तकनीकी समस्या मध्य रेलवे की मुख्य लाइन में विखरोली के पास आई, जिसने सनपाडा के करीब हार्बर लाइन को प्रभावित किया था। इसकी वजह से हजारों लोग समय से अपने घर नहीं पहुंच पाए।
वैसे शुक्रवार रात से ही मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा था। बादलों में गड़गड़ाहट और बिजली चमकने के साथ-साथ तेज हवाएं भी चल रही थीं। फिर शनिवार की सुबह से ही हल्की बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि रविवार को भी मुंबई व आसपास के क्षेत्र में बादल छाए रहेंगे और बारिश आ सकती है। मुंबई में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं आर्द्रता का स्तर करीब 70 फीसद है।
पिछले कुछ दिनों में महाराष्ट्र के ज्यादातर क्षेत्रों में प्री-मानसून की बारिश हो रही है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं और बिजली चमक रही है। वहीं कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई है। वैसे आमतौर पर मानसून 10 जून के आसपास मुंबई में दस्तक देता है। लेकिन ऐसा लग रहा है कि इस बार मुंबई में मासून जल्दी आ सकता है।
इसे भी पढ़ें: भारत के इस एयरपोर्ट पर हर 65 सेकंड में एक फ्लाइट भरती है उड़ान या होती है लैंड