लोकतंत्र में राजनीतिक हत्याएं अस्वीकार्य, भाजपा के बंद का व्यापक असर
मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को आश्वस्त किया है कि आरोपी चाहे कोई भी हो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
तिरवनंतपुरम। एजेंसी। केरल में संघ के एक कार्यकर्ता की हत्या पर केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने रविवार को राज्य के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से फोन पर बात की और कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक हत्या को अस्वीकार्य है। इसके बावजूद रविवार रात भी कुछ अज्ञात लोगों ने पथनामथिट्टा जिले के पंडालाम में संघ के एक कार्यकर्ता पर हमला कर घायल कर दिया।
दूसरी तरफ, शनिवार रात यहां संघ कार्यकर्ता राजेश [ 34 ] की हुई हत्या के विरोध में रविवार को भाजपा के बंद का राज्य में व्यापक असर दिखा। सरकारी बसें स़़डकों पर नहीं उतरीं और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
मालूम हो कि एक हिस्ट्रीशीटर के गैंग ने राजेश पर बर्बर हमला कर उसके बांए हाथ काट डाले और उसके पूरे शरीर पर प्रहार किए थे।
राजनाथ ने विजयन के साथ बातचीत में केरल में हाल की राजनीतिक हिंसा की घटनाओं पर चर्चा की। उन्होंने ट्वीट कर कहा-- 'लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा अस्वीकार्य है। उम्मीद है कि केरल में राजनीतिक हिंसा की घटनाओं पर रोक लगेगी और अपराधियों को जल्द ही न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।' विजयन के कार्यालय ने फेसबुक पोस्ट के जरिए बातचीत की पुष्टि करते हुए लिखा-- 'मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को आश्वस्त किया है कि आरोपी चाहे कोई भी हो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।'
मुख्य संदिग्ध गिरफ्तार
तिरवनंतपुरम के पुलिस आयुक्त जी. स्पर्जन कुमार ने हत्याकांड में कट्टाका़़डा से सात संदिग्धों को गिरफ्तार करने की बात कही है। इनमें मुख्य संदिग्ध भी शामिल है। एक आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस महानिदेशक लोकनाथ बेहरा ने लोगों से अफवाह, भ़़डकाऊ फोटो या वीडियो न फैलाने की अपील की है। फेसबुक और वॉट्सएप ग्रुप पर क़़डी निगरानी रखी जा रही है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कुम्मानम राजशेखरन ने हत्या के पीछे माकपा का हाथ होने का आरोप लगाया है। वामपंथी पार्टी ने इससे इनकार किया है। इस बीच, विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश चेन्निथला और केरल कांग्रेस प्रमुख एमएम हसन ने राज्य में जारी राजनीतिक हिंसा के विरोध में कोझिकोड में एक दिन का उपवास रखा।
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री, डीजीपी को किया तलब
इस बीच, केरल के राज्यपाल पी. सतशिवम ने संघ कार्यकर्ता की हत्या को लेकर मुख्यमंत्री विजयन और पुलिस महानिदेशक लोकनाथ बेहरा को रविवार को तलब किया। सीएम सुबह 11.30 बजे और डीजीपी 12.30 बजे राजभवन पहुंचे। मुख्यमंत्री ने संदिग्धों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी। सतशिवम ने राज्य भाजपा अध्यक्ष राजशेखरन से भी बात की है।