Move to Jagran APP

कर्नाटक : कृषि बिल के विरोध में JDS कार्यकर्ताओं ने निकाली बाइक रैली

कर्नाटक में किसान आज कृषि बिल भूमि सुधार अध्यादेश कृषि उपज मंडी समिति (APMC) और श्रम कानूनों में संशोधन के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे पहले शुक्रवार को देशभर के किसानों ने भारत बंद किया था।

By Neel RajputEdited By: Published: Mon, 28 Sep 2020 09:01 AM (IST)Updated: Mon, 28 Sep 2020 10:33 AM (IST)
कर्नाटक : कृषि बिल के विरोध में JDS कार्यकर्ताओं ने निकाली बाइक रैली
कर्नाटक में JDS के कार्यकर्ताओं ने कृषि बिल के खिलाफ बाइक रैली निकाली है। (ANI)

बेंगलुरु, एएनआइ। कर्नाटक में सोमवार को कृषि बिल को लेकर राज्यभर में किसानों का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। इसके मद्देनजर कलबुर्गी में पहले से ही पुलिस बल तैनात है। यहां किसान आज कृषि बिल, भूमि सुधार अध्यादेश, कृषि उपज मंडी समिति (APMC) और श्रम कानूनों में संशोधन के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं इसलिए एहतियात के तौर पर पहले से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। किसान सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं तो कहीं बिल के विरोध में बाइक रैली निकाली जा रही है।

loksabha election banner

कृषि बिल के विरोध में जनता दल सेक्युलर (JDS) ने शिवमोग्गा में बाइक रैली निकाली है।

वहीं, प्रो-कन्नड़ कार्यकर्ता और किसानों ने पुट्टनाचेट्टी टाउन हॉल के सामने कृषि संबंधी विधेयकों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के अध्यक्ष एम के स्टालिन ने भी कांचीपुरम के कीजाम्बी गांव में किसान बिल के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

वहीं, कृषि बिल के खिलाफ पंजाब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में इंडिया गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में कुछ किसान भी शामिल बताए जा रहे हैं। बता दें कि आज शहीद भगत सिंह की जयंती है। इस बीच कांग्रेस ने शहीद भगत सिंह की जयंती पर प्रदर्शन करने का फैसला किया है। इसी क्रम में बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता इंडिया गेट पर सोमवार सुबह ही पहुंच गए और धरना प्रदर्शन करने लगे।

अहमदाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

गुजरात के अहमदाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कृषि बिल के विरोध में प्रदर्शन किया। गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा, 'देश में अंग्रेजों के शासन में जैसे ईस्ट इंडिया कंपनी का राज था, उसी तरह इस कानून से आने वाले समय में कंपनी का राज आ जाएगा।'

गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को देशभर के किसानों ने कृषि बिल के विरोध में भारत बंद (Bharat Bandh) किया था। इस दौरान किसानों ने सड़कों पर उतरकर अपना विरोध जताया था। भारत बंद का सबसे ज्यादा असर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और तमिलनाडु में देखने को मिला था। इस दौरान कई राजनीतिक दल भी किसानों का समर्थन करते नजर आए थे। इनमें कांग्रेस, आरजेडी, समाजवादी पार्टी, अकाली दल, टीएमसी समेत कई पार्टियों शामिल थीं। बिहार में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने विधेयक के विरोध में ट्रैक्टर रैली निकाली तो वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर किसानों के साथ अपना समर्थन दर्ज कराया। इसके अलावा पंजाब में तीन दिवसीय रेल रोको अभियान के तहत किसान रेल पटरियों पर डटे रहे और ट्रेनों को रोका।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.