मुंबई में गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम का पुराना साथी पुलिस की गिरफ्त में
ठाणे क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के एक पुराने साथी मोहम्मद अहमद खान महादिक को गिरफ्तार कर लिया है।
मुंबई, जेएनएन। ठाणे क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के एक पुराने साथी मोहम्मद अहमद खान महादिक को गिरफ्तार कर लिया है। उसे मुंब्रा के कुआसा इलाके से पकड़ा गया है। उस पर मुंबई के विभिन्न पुलिस थानों में हत्या और अपहरण के मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक 1997 में कोर्ट ने महादिक को जमानत पर रिहा किया था। इसके बाद वह फरार हो गया और फिर कभी वापस नहीं लौटा। कोर्ट की कार्रवाई से बचने के लिए उसने कर्नाटक के पते पर पठान युसूफ खान उस्मान डंडेली के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाया और देश से भागकर मस्कट चला गया।
इधर, कुछ दिनों पहले क्राइम ब्रांच के अधिकारियों को सूचना मिली कि वह अपने परिवार के साथ भारत लौट आया और मुंब्रा के कौसा इलाके में अमरेश बिल्डिंग में रह रहा है। उच्च अधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद सहायक पुलिस निरीक्षक समीर अहिरराव और उनकी टीम उस पर नजर रखने लगी। पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके पास से नकली पासपोर्ट भी जब्त किया है। महादिक ने बताया कि जोसेफ नाम के एक व्यक्ति ने उसे नकली पासपोर्ट बनाने में मदद की थी और उसी की मदद से वह देश से भागा था। पुलिस ने उस पर पिछले अपराध के साथ फर्जी पासपोर्ट बनवाने का भी मामला दर्ज किया है।