Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'उसे पुष्पा पसंद है, जरूर देखने आएगा', सिनेमा हॉल में फिल्म देख रहे गैंगस्टर को पुलिस ने दबोचा

    नागपुर पुलिस को पिछले 10 महीने से एक गैंगस्टर की तलाश थी। उसकी तलाश पूरी हुई पुष्पा 2 के रिलीज से ठीक 14 दिन बाद। दरअसल गैंगस्टर पुष्पा फिल्म का फैन था। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि उसे यह फिल्म पसंद है। वह देखने जरूर आएगा। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया। जानकारी सटीक निकली। गैंगस्टर सिनेमा हॉल में फिल्म देखते पकड़ा गया।

    By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Sun, 22 Dec 2024 05:26 PM (IST)
    Hero Image
    पुष्पा 2 फिल्म देख रहे गैंगस्टर को पुलिस ने दबोचा।

    पीटीआई, नागपुर। पुष्पा 2 फिल्म का चारों तरफ क्रेज है। सिनेमा हॉल में दर्शकों की भीड़ जुट रही है। महाराष्ट्र के नागपुर में भी एक मल्टीफ्लेक्स में पुष्पा 2 फिल्म का शो जारी था। पर्दे पर पुष्पा 2 चल रही थी। कुछ देर में ही पर्दे के सामने बैठे दर्शकों को फिल्म जैसा नजारा सिनेमा हॉल के अंदर देखने को मिला। दरअसल, सिनेमा हॉल में एक गैंगस्टर फिल्म का आनंद उठा रहा था। तभी पुलिस ने एंट्री मारी और गैंगस्टर को धर दबोचा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आधी रात को पुलिस ने दबोचा

    जानकारी के मुताबिक पिछले 10 महीने से पुलिस को हत्या और ड्रग मामले में वांछित गैंगस्टर की तलाश थी। गिरफ्तार गैंगस्टर की पहचान विशाल मेश्राम के तौर पर हुई है। घटना गुरुवार आधी रात की है। यह सिनेमा हॉल नागपुर शहर के मध्य में स्थिति है। फिल्मी अंदाज में की गई पुलिस की इस कार्रवाई की चारों तरफ चर्चा है।

    गैंगस्टर को पसंद थी पुष्पा फिल्म

    नागपुर के पचपावली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने रविवार को जानकारी दी कि आरोपी विशाल लगभग 10 महीने से फरार था। पुलिस को जानकारी मिली की विशाल को पुष्पा फिल्म खूब पसंद है। इसके बाद उसको पकड़ने का जाल बिछाया गया। आखिरकार गुरुवार की आधी रात उसे पकड़ने में पुलिस को सफलता मिल ही गई।

    पुलिस पर भी हमला कर चुका विशाल

    पुलिस अधिकारी के मुताबिक विशाल के खिलाफ हत्या के दो और ड्रग तस्करी समेत कुल 27 मामले दर्ज हैं। वह पुलिस पर भी हमला कर चुका है।

    गाड़ी की हवा निकाली, ताकि भाग न सके

    पुलिस अधिकारी के मुताबिक विशाल मेश्राम का लगातार पीछा किया जा रहा था। उसकी साइबर निगरानी भी की जा रही थी। एक एसयूवी के माध्यम से उसकी हरकतों पर नजर रखी जा रही थी। गुरुवार को पुलिस ने उसका पीछा किया। वह सिनेमा हॉल में पुष्पा 2 फिल्म देखने गया था। सिनेमा हॉल के बाहर मौजूद उसकी गाड़ी की हवा निकाल दी, ताकि वह भाग न सके।

    क्लाइमेक्स में पहुंची पुलिस टीम

    पुलिस अधिकारी के मुताबिक टीम फिल्म के क्लाइमेक्स के दौरान सिनेमा हॉल में दाखिल हुई। विशाल मेश्राम फिल्म का आनंद ले रहा था। टीम ने उसे घेरते हुए तुरंत गिरफ्तार कर लिया। मेश्राम अभी नागपुर की केंद्रीय जेल में बंद है। जल्द ही उसे नासिक जेल भेजा जाएगा।

    'पुप्षा 2: द रूल' साल 2021 में आई तेलुगु फिल्म 'पुष्पा: द राइज' का सीक्वल है। पांच दिसंबर को यह फिल्म कई भाषाओं में एक साथ रिलीज की गई। फिल्म में अभिनेता अल्लु अर्जुन मुख्य भूमिका में हैं।

    यह भी पढ़ें: जलते हुए 2.5KM दौड़े 30 लोग, एक सीढ़ी ने बचाई जान; सामने आई जयपुर हादसे की खौफनाक कहानी

    यह भी पढ़ें: 'मुस्लिम सांप्रदायिक ताकतों के कारण जीते राहुल और प्रियंका गांधी', CPI (M) नेता ने क्यों कहा ऐसा?