यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
PM Modi in Germany: बर्लिन में गूंजा 'भारत माता की जय', पीएम मोदी बोले- प्रवासी भारतीयों की उपलब्धियों पर गर्व
पीएम नरेन्द्र मोदी तीन दिवसीय यूरोप दौरे पर हैं। मोदी ने सोमवार को राजधानी बर्लिन में भारतीय समुदाय के लोगों ...और पढ़ें

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन दिवसीय यूरोप (PM Modi Europe Visit) दौरे पर हैं। मोदी अभी जर्मनी की राजधानी बर्लिन में हैं। जर्मनी के बाद वह डेनमार्क (Denmark) और फ्रांस (France) का दौरा करेंगे। इस दौरान पीएम कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
बर्लिन में भारतीय प्रवासियों से मिले मोदी
पीएम मोदी बर्लिन में भारतीय प्रवासियों से मुलाकात कर रहे हैं। भारतीयों से मुलाकात का एक कार्यक्रम होटल एडलान केम्पिंस्की में रखा गया था। भारतीय समुदाय के लोग पीएम मोदी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। मोदी से मिलने को बेकरार भारतीय सोमवार तड़के से ही उनका इंतजार कर रहे थे। मोदी जब होटल पहुंचे तो वहां मौजूद भारतीयों ने उनका भव्य स्वागत किया।
मोदी को देखकर 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारे लगने लगे। पूरा होटल इन नारों से गुंज उठा। कई भारतीयों ने पीएम के साथ सेल्फी भी ली। कुछ भारतीयों ने पीएम से हाथ मिलाया तो कुछ ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
भारत को अपने प्रवासी भारतीयों की उपलब्धियों पर गर्व- मोदी
पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की तस्वीरें अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर की हैं। मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'बर्लिन में सुबह के समय के बावजूद भारतीय समुदाय के कई लोग आए। उनके साथ जुड़ना अद्भुत था। भारत को अपने प्रवासी भारतीयों की उपलब्धियों पर गर्व है।'
It was early morning in Berlin yet several people from the Indian community came by. Was wonderful connecting with them. India is proud of the accomplishments of our diaspora. pic.twitter.com/RfCyCqJkPY
— Narendra Modi (@narendramodi) May 2, 2022
तीन और चार मई को करेंगे डेनमार्क का दौरा
पीएम मोदी जर्मनी के बाद डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन के निमंत्रण पर तीन और चार मई को कोपेनहेगन की यात्रा करेंगे। इस दौरान वे फ्रेडरिक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और द्वितीय भारत-नार्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
