'क्या सब ठीक है', BRICS के दौरान पीएम मोदी ने भाषण बीच में रोककर चिनफिंग से क्यों पूछा ये सवाल?
ब्रिक्स समिट 2026 के दौरान पीएम मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के असहज दिखने पर अपना भाषण रोका और उनका हालचाल पूछा।

जब चिनफिंग के अनुवादक से पीएम मोदी ने पूछा क्या सब सही है?
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ब्रिक्स समिट 2026 के पहले दिन शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने थोड़ी देर के लिए अपना शुरुआती भाषण रोक दिया जब चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग असहज लग रहे थे।
पीएम मोदी शी चिनफिंग की ओर मुड़े और चीनी राष्ट्रपति के साथ आए अनुवादक से पूछा, "क्या सब ठीक है?" उन्होंने कुछ देर बाद फिर से यही सवाल पूछा। यह तुरंत साफ नहीं हो पाया कि शी की इस असहजता का कारण क्या था। हो सकता है कि यह माइक्रोफोन या पीएम मोदी की बातों के अनुवाद से जुड़ा मामला हो।
चीन की ओर से नहीं आई कोई प्रतिक्रिया
चीन की ओर से तुरंत कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई। दूरदर्शन द्वारा शेयर किए गए भाषण के फुटेज में यह घटना 4:30 से 5 मिनट के बीच दिखाई देती है।
सात साल में पहली बार भारत आए शी चिनफिंग ब्रिक्स समिट में शामिल हुए और पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत की। मोदी और शी ने द्विपक्षीय संबंधों के भविष्य पर चर्चा की।
शीन चिनफिंग ने पीएम मोदी के साथ की 40 मिनट तक बैठक
ब्रिक्स समिट के दौरान हुई 40 मिनट की बैठक में दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि भारत और चीन को अपने संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से देखना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मतभेद विवादों में न बदलें।
शी ने कहा कि संस्थागत आदान-प्रदान की बहाली, सहयोग के बढ़ते एजेंडे और बढ़ते व्यापार के आधार पर द्विपक्षीय संबंधों में जो मौजूदा गति बनी है, वह बड़ी मुश्किल से हासिल हुई है और इसे संजोकर रखना चाहिए।
पीएम मोदी ने संबंधों में लगातार प्रगति का स्वागत किया, लेकिन इस बात पर जोर दिया कि सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता द्विपक्षीय संबंधों के निरंतर विकास का जरूरी आधार बनी रहेगी। यह बैठक दो वर्षों में नेताओं की तीसरी द्विपक्षीय बातचीत थी। इससे पहले 2024 में कजान और पिछले साल तियानजिन में उनकी बैठकें हुई थीं।
