'सभी मंत्रालयों की कार्यप्रणाली में बदलाव की जरूरत', पीएम मोदी ने विकसित भारत के लक्ष्य पर दिया जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने 'विकसित भारत' के लक्ष्य को जन आंदोलन बनाने और सभी मंत्रालयों को एक टीम की तरह काम करने पर जोर दिया।
-1784739633229_m.webp)
पीएम मोदी ने कहा- मंत्रालयों की कार्यप्रणाली में बदलाव की जरूरत (फोटो- एएनआइ)
HighLights
विकसित भारत को जन आंदोलन बनाने पर पीएम का जोर।
सभी मंत्रालयों को एक टीम की तरह काम करने का निर्देश।
युवाओं में नशे की समस्या और कौशल विकास पर चिंता।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों के समन्वय पर जोर दिया और एक टीम की तरह काम करने का निर्देश दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन आंदोलन बनना चाहिए। सभी सुधारों एवं नीतियों के केंद्र में देश का नागरिक होना चाहिए तथा सभी मंत्रालयों को अलग-अलग काम करने की बजाय एक टीम की तरह कार्य करना होगा।
मंत्रालयों को एक टीम की तरह काम करने का निर्देश
पीएम गुरुवार को ग्रामीण विकास, कृषि, सामाजिक कल्याण और संबद्ध क्षेत्रों की प्रगति की समीक्षा के लिए विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों के साथ बैठक कर रहे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बदलते समय के अनुरूप शासन व्यवस्था को भी विकसित करना होगा। इसके लिए मंत्रालयों और विभागों को कार्यप्रणाली में बदलाव लाना चाहिए। सुधारों का उद्देश्य केवल प्रशासनिक प्रक्रियाओं को बेहतर बनाना नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन में ठोस बदलाव लाना और विकसित भारत के लक्ष्य को गति देना है।
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के अभियान की सबसे बड़ी ताकत देश का युवा होगा। युवाओं में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए उन्होंने विभागों के बीच समन्वित और संस्थागत व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता बताई, ताकि युवा-केंद्रित योजनाओं का प्रभाव और बढ़ सके।
बैठक में खेल क्षेत्र की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि खेलों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर स्पोर्ट्स टूरिज्म, तकनीक और स्टार्टअप से जोड़ने की जरूरत है। साथ ही, भारत को भविष्य में बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए तैयार होना चाहिए।
कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए पीएम ने कहा कि पीएम-कुसुम योजना को किसानों द्वारा व्यापक स्तर पर अपनाने से खेती में बड़ा बदलाव आ सकता है।
प्रधानमंत्री ने वैश्विक स्तर पर कौशल की मांग का आकलन करने और उसी के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित करने पर भी जोर दिया, ताकि भारतीय युवाओं के लिए दुनिया भर में रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकें।
यह भी पढ़ें- सोनम वांगचुक की 3 मांग, केंद्र के पास एक ऑप्शन; जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह करेंगे टॉक 2.0
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।