विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 09, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पीएम का कांग्रेस पर तीखा हमला, कहा- इनके नेता कहते हैं हर घर से निकलेगा अफजल

By Tilak RajEdited By:
Published: Sat, 09 Dec 2017 11:50 AM (IST)Updated: Sat, 09 Dec 2017 12:32 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को देशभर में व्यापक रूप से खारिज कर दिया गया है। गुजरात की जनता भी कांग्रेस को अस्वीकार कर देगी।

पीएम का कांग्रेस पर तीखा हमला, कहा- इनके नेता कहते हैं हर घर से निकलेगा अफजल
पीएम का कांग्रेस पर तीखा हमला, कहा- इनके नेता कहते हैं हर घर से निकलेगा अफजल

अहमदाबाद, एएनआइ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के लूनावाड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस को पूरे देश ने नकार दिया है और गुजरात चुनाव के नतीजों से यह बात साबित हो जाएगी। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को देशभर में व्यापक रूप से खारिज कर दिया गया है। गुजरात की जनता भी कांग्रेस को अस्वीकार कर देगी और उन्हें उनकी राजनीति के लिए दंडित करेगी।

पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी जनकल्‍याण के कार्यों में लगी हुई है, दिनरात लोगों की सेवा कर रही है, वो विकास के मुद्दे पर गुजरात विधानसभा में वोट मांग रहे हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी है, जिन्‍होंने ज्‍यादातर समय देश पर राज किया, वो जातीवाद के मुद्दे पर राजनीति कर रही है।

पीएम मोदी ने लूनावाड़ा की रैली में एक बार फिर कांग्रेस के द्वारा प्रचार के दौरान इस्‍तेमाल की जा रही, भाषा का मुद्दा उठाया।  उन्‍होंने कहा, 'यूथ कांग्रेस नेता सलमान निजामी, जिन्‍होंने कांग्रेस के लिए गुजरात में प्रचार भी किया। वह ट्विटर पर राहुल जी के पिता और दादा के बारे में लिखते हैं, उससे हमें कोई परेशानी नहीं है। लेकिन वह लिखते हैं- मोदी बताओं की तुम्‍हारी मां कौन है? तुम्‍हारा पिता कौन है? ऐसी भाषा तो कभी दुश्‍मन के लिए भी प्रयोग नहीं की जानी चाहिए।'

उन्‍होंने कहा, 'सलमान निजामी सिर्फ मेरे लिए ही अभद्र भाषा का इस्‍तेमाल नहीं करते हैं। वह आजाद कश्‍मीर की भी मांग करते हैं। वह हमारी सेना को बलात्‍कारी कहते हैं। जनता सलमान निजामी जैसे लोगों को कैसे स्‍वीकार कर सकती है। वह तो यहां तक कहते हैं कि हर घर में एक अफजल होगा।'

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर मुस्लिम समुदाय को गुमराह करने के आरोप लगाते हुए कहा, 'देश के हर हिस्‍से में कांग्रेस पार्टी मुस्लिम समुदाय के लोगों को गुमराह करती आई है। वे मुस्लिम समुदाय को आरक्षण दिलाने का झूठा वादा करते है, लेकिन कभी उसे पूरा नहीं किया। आजतक किसी राज्‍य में कांग्रेस पार्टी मुस्लिमों को आरक्षण के दायरे में नहीं लाई है।'

उन्‍होंने कहा, 'मैं उन सभी कांग्रेस नेताओं को बताना चाहता हूं, जो मेरे लिए अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, मेरे गरीब परिवार का मजाक उड़ाते हुए पूछते हैं कि मेरे माता-पिता कौन हैं- यह राष्ट्र मेरा सब कुछ है। मेरी जिंदगी का हर एक पल भारत और 125 करोड़ भारतीयों के लिए समर्पित है।

गुजरात विधानसभा के प्रथम चरण में 19 जिलों की 89 सीट के लिए मतदान जारी है। प्रथम चरण में सौराष्ट्र, कच्छ व दक्षिण गुजरात में चुनाव हो रहा है, जिसमें 2 करोड़ 12 लाख मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। मतदान शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील करते हुए ट्वीट किया, 'गुजरात चुनावों के पहले चरण की शुरुआत हो रही है। मैं आज सभी मतदाताओं को रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील करता हूं। विशेष रूप से युवाओं को अपने मताधिकार का उपयोग करने का आग्रह करता हूं।'

यह भी पढ़ें: बेहद दिलचस्‍प है राजकोट पश्चिम की चुनावी जंग, जानें आखिर क्‍यों

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।