सोने की खरीद पर पीएम मोदी की सलाह का व्यापारियों ने जताया आभार, अब भाजपा ने की कांग्रेस से माफी की मांग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अनावश्यक सोना न खरीदने की सलाह ने बाजार की अनिश्चितता के बीच लाखों व्यापारियों और परिवारों को बड़े नुकसान से बचाया है।

पीएम मोदी की सलाह का व्यापारियों ने जताया आभार।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बाजार की अनिश्चितता के दौर में दूरदर्शी नेतृत्व की एक छोटी सी सलाह कैसे लाखों घरों की जीवन भर की पूंजी और कारोबारियों की साख को डूबने से बचा सकती है, इसकी मिसाल सोने के गिरते दामों के साथ सामने आई है।
साल भर तक अनावश्यक सोना न खरीदने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर व्यापारिक जगत ने खुलकर उनका आभार जताया है। इसके बाद भाजपा ने भ्रम फैलाने के लिए कांग्रेस पर प्रहार करते हुए देश और व्यापारियों से माफी मांगने की मांग की है। पार्टी ने रविवार को कहा कि पीएम मोदी की अपील ने व्यापारियों को नुकसान से बचाया। साथ ही, इसने उनकी अपील को "डेथ वारंट" (मौत का फरमान) बताने के लिए कांग्रेस से माफी की मांग की।
चैंबर आफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआइ) के चेयरमैन बृजेश गोयल सहित अन्य पदाधिकारियों ने 22 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी को आभार पत्र लिखा। इसमें कहा गया कि जब सोना 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम था, तब पीएम की सलाह ने लाखों ज्वैलर्स, व्यापारियों और निवेशकों को कर्ज और दिवालिया होने से बचा लिया।
आज सोने का भाव 65 लाख रुपये प्रति किलोग्राम गिरकर 1.25 करोड़ रुपये पर आ गया है, जिससे 52 लाख शादियों के मौजूदा सीजन में आम परिवारों को भी बड़ी राहत मिली है। सीटीआइ ने लिखा, "प्रधानमंत्री जी, आपने सिर्फ सलाह नहीं दी, बल्कि लाखों परिवारों की मेहनत की गाढ़ी कमाई बचाई है।"
इस पत्र के सामने आते ही भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब पीएम मोदी ने सोना न खरीदने की अपील की थी, तब कांग्रेस ने इसे 'डेथ वारंट' बताकर भ्रम फैलाया था।
भंडारी ने गांधी-वाड्रा परिवार की विलासितापूर्ण जीवनशैली और राहुल गांधी की 'डेड इकानमी' वाली टिप्पणी पर तंज कसते हुए कहा, "आज कांग्रेस की आर्थिक सोच 'डेड' हो चुकी है, जबकि देश की अर्थव्यवस्था 'हिट' है। झूठ फैलाने और व्यापारियों को गुमराह करने के लिए क्या कांग्रेस अब देश से माफी मांगेगी?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।