कर्नाटक: पीएम मोदी के काफिले में शामिल हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी, मैसूर में ही फंसा रहा विमान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्नाटक यात्रा के दौरान उनके काफिले में शामिल एक वायु सेना हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ ...और पढ़ें

पीएम मोदी के काफिले का हेलीकॉप्टर मैसूर में तकनीकी खराबी के कारण रुका

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेल्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्नाटक यात्रा के दौरान उनके काफिले में शामिल वायु सेना के एक हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण शुक्रवार को उसे ललित महल के पास जयाचमराजा वाडियार हेलीपैड पर ही रोकना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री के काफिले के लिए वायु सेना के तीन हेलीकॉप्टर मैसूर पहुंचे थे। जब प्रधानमंत्री मोदी अपना निर्धारित कार्यक्रम पूरा कर वहां से रवाना होने वाले थे, ठीक उसी वक्त एक हेलीकॉप्टर में तकनीकी दिक्कत आ गई।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस खराबी के बाद प्रधानमंत्री और उनके काफिले के अन्य सदस्य बाकी बचे दो सुरक्षित हेलीकॉप्टरों के जरिए अपनी आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गए, जबकि तकनीकी खराबी वाला हेलीकॉप्टर हेलीपैड पर ही खड़ा रहा।
पुलिस ने की घेराबंदी
इस बीच, स्थानीय पुलिस ने हेलीपैड के आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी है और खराब हुए हेलीकॉप्टर की सुरक्षा के लिए वहां सुरक्षा बढ़ा दी है। सुरक्षा इंतजामों के तहत मैसूर नगर निगम के कर्मचारियों को भी मौके पर तैनात किया गया है।
हालांकि, हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी की असल वजह क्या थी और यह दोबारा उड़ान भरने के लिए कब तक तैयार होगा, इस पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
पीएम मोदी कई कार्यक्रमों में हुए शामिल
इस घटना से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने प्रशांति कुटीरम स्थित स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के स्वर्ण जयंती समारोह में शिरकत की। इसके अलावा उन्होंने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया और तवारेकेरे से IIM बैंगलोर स्टेशन तक मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर उसमें सफर भी किया।
कर्नाटक के अपने सभी कार्यक्रम संपन्न करने के बाद पीएम मोदी गुजरात पहुंचे, जहां उन्होंने बनासकांठा जिले के प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।