पीएम मोदी का जेन-जी को आह्वान: 'विकसित भारत' के लिए अवसरों का लाभ उठाएं, दुनिया को दें समाधान
प्रधानमंत्री मोदी ने चेन्नई में जेन-जी से 'विकसित भारत' के लिए असीम अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

देश में उपलब्ध असीम अवसरों का उठाएं लाभ। (एएनआई)
HighLights
पीएम मोदी ने जेन-जी से 'विकसित भारत' के लिए अवसर भुनाने को कहा।
चेन्नई में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
युवाओं को देश और दुनिया के भविष्य के समाधान देने में सक्षम बताया।
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जेन-जी से देश में उपलब्ध असीम अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए युवा जो भी नए विचार और समाधान तैयार करेंगे, वे न केवल देश का, बल्कि दुनिया का भी भविष्य तय करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया समाधान तलाश रही है और आपमें ये समाधान देने की क्षमता है।
चेन्नई के जयगोपाल गरोडिया हिंदू विद्यालय मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, 'आज भारत में असीम अवसर हैं। मैं चाहता हूं कि हर युवा अपने भविष्य को इसी बड़े परिदृश्य में देखे, क्योंकि यह आपका समय और अवसर है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा यह सपना पूरा होगा। हम इसे मिलकर साकार करेंगे।'
प्रधानमंत्री ने तमिल भाषा व संस्कृति की सराहना की और प्राचीन तमिल ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ को जीवन का महान मार्गदर्शक बताया। उन्होंने याद किया कि उन्हें इसकी प्रति रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भेंट की थी।
मोदी ने कहा, 'आप जहां भी जाएं, तमिल संस्कृति को साथ लेकर जाएं। अपने दोस्तों के साथ तमिल कविताएं, कहानियां और परंपराएं साझा करें। आपकी बनाई दोस्ती से ही राष्ट्र की एकता मजबूत होती है।'
चेन्नई में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात
इससे पहले प्रधानमंत्री ने चेन्नई में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया। उन्होंने इन परियोजनाओं से तमिलनाडु में संपर्क बेहतर होने, औद्योगिक विकास को मजबूती मिलने और रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावनाओं को रेखांकित किया।
पीएम ने मेट्रो के दूसरे चरण का उद्घाटन किया
उन्होंने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साथ चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पोरूर बाइपास स्टेशन से पूनमल्ली बाइपास स्टेशन तक दोनों तरफ की यात्रा की।
देश के विकास को अपना मंत्र बनाया- पीएम मोदी
एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने हमेशा देश के विकास को अपना मंत्र बनाया है और राष्ट्रीय प्रगति का राज्यों की औद्योगिक क्षमता से गहरा संबंध है। उन्होंने कहा कि केंद्र की प्रमुख योजनाओं से तमिलनाडु के औद्योगिक क्षेत्र को सीधा बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा, 'देश को मजबूत करने के लिए राज्यों को मजबूत करना जरूरी है। इसलिए केंद्र सरकार तमिलनाडु जैसे राज्यों में विनिर्माण को बढ़ावा दे रही है। केंद्र सरकार के अभियान, चाहे ‘मेक इन इंडिया’ हो या ‘वोकल फॉर लोकल’ तमिलनाडु को भी लाभ पहुंचा रहे हैं।'
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
