Commonwealth Game Winners: PM मोदी आज कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के पदक विजेताओं की करेंगे मेजबानी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह 11 बजे कॉमनवेल्थ गेम के सभी पदक विजेताओं से मुलाकात करेंगे। पीएम ने अपने एक ट्वीट में लिखा 13 अगस्त को सुबह 11 बजे मेरे आवास पर भारत के कॉमनवेल्थ गेम के 2022 दल के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं।
नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) शनिवार को सुबह 11 बजे कॉमनवेल्थ गेम के सभी पदक विजेताओं की मेजबानी अपने सरकारी आवास पर करेंगे।
यह पहली बार है जब प्रधानमंत्री बर्मिंघम में शानदार प्रदर्शन के बाद कॉमनवेल्थ गेम (Commonwealth Games 2022) के विजेताओं के साथ बातचीत करेंगे।
पीएम ने एक ट्वीट में कहा, "13 अगस्त को सुबह 11 बजे मेरे आवास पर भारत के कॉमनवेल्थ गेम के 2022 दल के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं। पूरे देश को खेलों में हमारे एथलीटों की उपलब्धियों पर गर्व है।"
Looking forward to interacting with India's CWG 2022 contingent at my residence tomorrow, 13th August at 11 AM. The entire nation is proud of the accomplishments of our athletes at the games.— Narendra Modi (@narendramodi) August 12, 2022
पीएम मोदी पहले ही देश के लिए मेडल जीतने वाले हर एथलीट को शुभकामनाएं दे चुके हैं। इस कार्यक्रम में पदक जीतने के बाद भारतीय एथलीटों को बधाई देने के लिए प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कई ट्वीट किए थे। पीएम मोदी ने उन्हें भी शुभकामनाएं भेजीं थी जो जीतने में असफल रहे।
28 जुलाई से 8 अगस्त तक, लगभग 200 भारतीय एथलीटों ने बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेल 2022 में 16 विभिन्न खेलों में पदक के लिए प्रतिस्पर्धा की।
भारत ने कॉमनवेल्थ गेम 2022 (Commonwealth Games 2022) में 61 पदक (22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य) के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया। कुश्ती ने छह स्वर्ण सहित 12 पदक के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि वेटलिफ्टिंग में 10 पदक शामिल थे।
भारत ने अपने कॉमनवेल्थ गेम 2022 के इतिहास में अब तक का अपना चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कुल 101 पदक हैं जब खेल 2010 में आयोजित किए गए थे।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी इतिहास रच दिया। महिला क्रिकेट टीम ने CWG के पहले टी20 इवेंट में रजत पदक जीता था।
बता दें कि मेगा इवेंट का एक प्रमुख आकर्षण निखत ज़रीन द्वारा स्वर्ण पदक हासिल करना था।
महिलाओं के 50 किग्रा लाइट फ्लाईवेट वर्ग के फाइनल में पदक जीतने के बाद, जरीन ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए उत्साहित हैं और उन्होंने कहा कि वह अपने मुक्केबाजी दस्ताने पर उनका ऑटोग्राफ लेंगी।
भारतीय स्टार मुक्केबाज और विश्व चैंपियन निखत जरीन ने रविवार को महिलाओं के 50 किग्रा (लाइट फ्लाईवेट) के फाइनल में उत्तरी आयरलैंड की कार्ली एमसी नौल को हराया था।
जरीन ने अपने 'विश्व चैंपियन' के दर्जे को बरकरार रखा क्योंकि वह तीनों राउंड में कार्ली पर हावी रही। प्राप्त अंकों के आधार पर उन्होंने 5-0 से जीत दर्ज की।
निखत जरीन ने 07 अगस्त को गोल्ड मेडल जीतने के बाद एएनआई को बताया था कि, मैं प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के लिए बहुत उत्साहित हूं। मैंने पिछली बार उनके साथ एक सेल्फी ली थी और अब एक नई सेल्फी लेना चाहती हूं। पिछली बार, मैंने अपनी टी-शर्ट पर उनका ऑटोग्राफ लिया था, अब मैं इसे अपने बॉक्सिंग ग्लव्स पर लूंगी।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का सोमवार को बर्मिंघम के अलेक्जेंडर स्टेडियम में शानदार समारोह के साथ समापन हुआ।
समापन के बाद कॉमनवेल्थ गेम 2022 का झंडा विक्टोरिया के गवर्नर को भेंट किया गया। ऑस्ट्रेलिया का विक्टोरिया राज्य 2026 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम का अगला मेजबान होगा।