विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम एशिया संकट से निपटेगी 'टीम इंडिया', पीएम मोदी शुक्रवार को मुख्यमंत्रियों से करेंगे बात

Published: Thu, 26 Mar 2026 04:05 PM (IST)Updated: Thu, 26 Mar 2026 06:17 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे। इस बैठक का उद्देश्य पश्चिम एशिया ...और पढ़ें

पीएम मोदी शुक्रवार को मुख्यमंत्रियों से करेंगे बात।

पीएम मोदी शुक्रवार को मुख्यमंत्रियों से करेंगे बात।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया का संकट कब तक चलेगा, इस पर अनिश्चितता का कुहासा छाया हुआ है। ऐसे में केंद्र सरकार युद्ध के असर को न्यूनतम करने के लिए ठोस उपाय करने में जुटी है। इसी रणनीति के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आव्हान किया है कि सभी राज्य सरकारों को केंद्र सरकार के साथ मिलकर ''टीम इंडिया'' के रूप में काम करना होगा।

संसद से दिए गए इस संदेश के बाद शुक्रवार को पीएम मोदी स्वयं सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों (पांच चुनावी राज्य छोड़कर) से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बात कर राज्यों की तैयारियों पर चर्चा करेंगे कि कैसे युद्ध के संभावित दुष्प्रभावों से आमजन को सुरक्षित रखा जाए। ध्यान रहे कि कोविड के वक्त भी प्रधानमंत्री ने इसी तरह राज्यों को साथ लेकर आगे बढ़ने की रणनीति पर काम किया था।

जिन पांच राज्यों में चुनाव आदर्श आचार संहिता लागू है, वहां की तैयारियों को लेकर अलग से एक बैठक वहां के मुख्य सचिवों के साथ कैबिनेट सचिव द्वारा की जाएगी।

युद्ध के कारण वैश्विक कारोबार और आपूर्ति श्रंखला प्रभावित

ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के कारण वैश्विक कारोबार और आपूर्ति श्रंखला प्रभावित हो रही है। सबसे अधिक असर ऊर्जा, पेट्रो पदार्थ और खाद आदि की आपूर्ति पर पड़ा है। बेशक, भारत सरकार ने कूटनीतिक प्रयासों से होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते अपने जहाज निकलवाने में सफलता पाई है।

आयात के अन्य वैश्विक विकल्पों पर काम कर उत्पादों की आपूर्ति को बढ़ाया है। साथ ही सरकार की ओर से जनता को आश्वस्त भी किया गया है कि ईंधन, ऊर्जा, खाद या अन्य आवश्यक वस्तुओं का भारत के पास पर्याप्त भंडारण है। जनता को कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी।

युद्ध लंबा खिंचा तो इसके दुष्प्रभाव पड़ना तय- पीएम मोदी

ध्यान रहे कि पीएम मोदी ने लोकसभा और राज्यसभा से वक्तव्य देते हुए दो टूक कहा था कि युद्ध लंबा खिंचा तो इसके दुष्प्रभाव पड़ना तय है। ऐसे में उन्होंने राज्यों से विशेष तौर पर आग्रह किया था कि चूंकि आपदा के समय जमाखोर और कालाबाजारी करने वाले तत्व सक्रिय हो जाते हैं, इसलिए सरकारों को इन पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई करनी होगी। साथ ही पीएम अन्न योजना सहित जनहित की योजनाओं का लाभ जनता को निर्बाध देते रहने और आपूर्ति व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए कहा।

पीएम मोदी मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा करेंगे

इसके बावजूद कई राज्यों से पेट्रोल पंपों पर भीड़, गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें, जनता के बीच अफरातफरी जैसी खबरें सामने आ रही हैं। इन परिस्थितियों से निपटने में राज्यों की क्या तैयारी होनी चाहिए और अभी क्या तैयारी है, इस पर पीएम मोदी मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा करेंगे।

यह भी पढ़ें- Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल पांच - डीजल 3 रुपए हुआ महंगा, नायरा एनर्जी ने की घोषणा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।