11 लाख दीयों की रोशनी से जगमगाई काशी: देव दीपावली की तस्वीरें साझा कर PM मोदी बोले- हर ओर बिखरी अलौकिक छटा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में हुई भव्य देव दीपावली की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें गंगा घाट 11 लाख दीयों से जगमगाते दिखे।

देव दीपावली पर पीएम मोदी ने साझा की तस्वीरें।
HighLights
पीएम मोदी ने काशी की देव दीपावली की तस्वीरें साझा कीं।
कार्तिक पूर्णिमा पर 11 लाख दीयों से जगमगाए गंगा घाट।
'हर हर महादेव' के जयकारों से गूंज उठा वाराणसी का आसमान।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को धर्म नगरी काशी में देव दीपावली का भव्य और अलौकिक नजारा देखने को मिला। ऐसे में इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ बेहद खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की। तस्वीरें साझा करते हुए पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में काशी की इस अद्भुत छटा की जमकर सराहना की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देव दीपावली के जश्न की आठ शानदार तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरों में दीयों की रोशनी से नहाए गंगा घाट, जगमगाते मिट्टी के दीये और भव्य गंगा आरती के अद्भुत दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
पीएम मोदी ने क्या लिखा?
तस्वीरें साझा करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि आज बाबा विश्वनाथ की नगरी में देव दीपावली की अद्भुत दिव्यता और अलौकिक छटा हर ओर बिखरी हुई है। बता दें कि 11 लाख दीयों की रोशनी और 'हर हर महादेव' की गूंज मंगलवार शाम को वाराणसी के अर्धचंद्राकार गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
पूरा आसमान 'हर हर महादेव' और 'हर हर गंगे' के जयकारों से गूंज उठा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भव्य उत्सव के दौरान गंगा के ऐतिहासिक घाटों को 11 लाख से भी ज्यादा मिट्टी के दीयों से रोशन किया गया, जिससे पूरी काशी स्वर्ग सी सुंदर नजर आ रही थी।