विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM मोदी-पुतिन और चिनफिंग... राजधानी में तीन महाशक्तियों का मिलन, अमेरिका-यूरोप की बढ़ रही बैचेनी

Published: Thu, 10 Sep 2026 11:22 PM (IST)

12 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के रात्रिभोज में प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति पुतिन और चिनफिंग एक साथ दिखेंगे। इनकी मुलाकात ...और पढ़ें

ब्रिक्स में मोदी पुतिन चिनफिंग का मिलन (फाइल फोटो)

ब्रिक्स में मोदी पुतिन चिनफिंग का मिलन (फाइल फोटो)

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। 12 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के पहले औपचारिक रात्रि भोज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग एक साथ दिखेंगे।

पिछले कुछ वर्षों में जब भी ये तीनों नेता एक साथ किसी मंच पर मिलते हैं तो हंसते हुए एक दूसरे के साथ गर्मजोशी से मिलते हैं। इनकी इन तस्वीरों को दुनिया में अलग-अलग तरीके से देखा जाता है।

इनके एक फ्रेम में आते ही अमेरिका और यूरोप के कूटनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो जाती है। अमेरिका मीडिया इन तस्वीरों को लेकर खासा उत्साहित रहता है। बहुत संभव है कि इस बार भी ऐसी ही हो।

पिछले वर्ष चीन के तियानजिन में एससीओ सम्मेलन के दौरान तीनों के हंसते-बोलते चित्र अमेरिकी अखबारों तक पहुंचे। कई विश्लेषकों ने इसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार और टैरिफ नीति की नाकामी बताया।

व्हाइट हाउस से भी तीखी प्रतिक्रिया आई थी। तब मोदी चीन यात्रा पर थे और दोनों देशों के बेहद तनावपूर्ण संबंधों के बावजूद भारतीय प्रधानमंत्री व चीनी राष्ट्रपति की मुलाकातों की तस्वीरें गर्माहट दिखा रही थीं।

इस बार मंच भारत का है। चिनफिंग सात वर्ष बाद भारत आ रहे हैं। पुतिन और पेजेश्कियान शुक्रवार तक दिल्ली पहुंच सकते हैं। पश्चिम एशिया में तनाव और यूक्रेन युद्ध जारी रहने के बीच तीनों नेताओं की एक साथ मौजूदगी फिर संदेश बनेगी कि एशिया की बड़ी शक्तियां अपने विवादों के बावजूद साझा मंच पर बनी हुई हैं।

कई लोगों का मानना है कि इस बार मोदी, पुतिन व चिनफिंग के साझा फोटो की अमेरिका में ज्यादा प्रतिक्रिया होगी। इसकी वजह वहां के अंदरूनी राजनीतिक हालात हैं।