विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM मोदी ने आसियान शिखर सम्मेलन में दी समुद्री सहयोग की नई योजना, पर्यटकों को मुफ्त ई-वीजा का भी प्रस्ताव

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:00 PM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी ने 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में दीर्घकालिक समुद्री सहयोग योजना और आसियान पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीजा का प्रस्ताव रखा।

आसियान शिखर सम्मेलन में PM मोदी। (X- @MEAIndia)

आसियान शिखर सम्मेलन में PM मोदी। (X- @MEAIndia)

HighLights

  1. दीर्घकालिक भारत-आसियान समुद्री सहयोग योजना का प्रस्ताव।

  2. आसियान पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीजा की घोषणा।

  3. हिंद-प्रशांत में शांति और स्थिरता पर जोर दिया।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में दीर्घकालिक आसियान-भारत समुद्री सहयोग योजना का प्रस्ताव दिया है, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में कनेक्टिविटी, वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, कोस्ट गार्ड सहयोग और नाविकों की सुरक्षा को मजबूत करेगी।

आसियान देश भी इस प्रस्ताव को लेकर सकारात्मक हैं। अगर इस बारे में ठोस कदम उठाया जाता है तो हिंद प्रशांत क्षेत्र में चीन की आक्रामक रवैये के खिलाफ आसियान देशों के साथ सहयोग स्थापित करने में जुटे भारत की कोशिश की यह भारी जीत होगी।

पीएम मोदी ने आसियान देशों के पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीजा और आसियान-भारत परमाणु ऊर्जा तकनीकी आदान-प्रदान का भी सुझाव दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच सहयोग और गहरा होगा।

आज दुनिया को शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता की आवश्यकता- पीएम मोदी

शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि, “पिछले कुछ वर्षों में दुनिया एक के बाद एक अनेक संकटों से गुजरी है। आज दुनिया को सबसे अधिक आवश्यकता है, शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता की। इस संदर्भ में इस वर्ष की थीम, “नेविगेटिंग आवर फ्यूचर, टूगेदर” विशेष महत्व रखती है।

भारत और आसियान मिलकर विश्व की लगभग एक-चौथाई जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि हमारा भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, सहयोग से तय हो। हमारे पास सामर्थ्य भी है और संकल्प भी। हम मिलकर इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बना सकते हैं। पिछले बारह वर्षों में हमने अपनी साझेदारी को नई गति दी है। अब हमें मिलकर अपने क्षेत्र के भविष्य को नई दिशा देनी है।

आसियान की एकता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता अटल- पीएम मोदी

इस साझेदारी में आसियान की एकता और केंद्रीयता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता अटल है और अटल रहेगी। आज की बैठक हमारी व्यापक सामरिक साझेदारी को नई ऊंचाई प्रदान करेगी और एक सुरक्षित, समावेशी, समृद्ध इंडो-पैसिफिक के निर्माण में योगदान देगी।

पीएम मोदी ने आसियान की एकता और केंद्रीयता के प्रति भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई तथा कहा कि आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 दोनों पक्षों के लोगों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद करेंगे।

भारत की एक्ट ईस्ट नीति ने भारत-आसियान संबंधों को नई गति दी- पीएम मोदी

उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच साझा मूल्य, समान वैश्विक दृष्टिकोण और गहरी सांस्कृतिक संबद्धता ने साझेदारी को नया आयाम दिया है। भारत की एक्ट ईस्ट नीति ने भारत-आसियान संबंधों को नई गति दी है। उन्होंने जोर दिया कि भारत और आसियान को प्रौद्योगिकी के सिर्फ उपभोक्ता नहीं, बल्कि सह-निर्माता बनना चाहिए और लोगों को कौशल प्रदान करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।

विदेश मंत्रालय ने बताया है कि बैठक में पीएम मोदी ने कई अन्य प्रस्ताव भी रखे, जिनमें संयुक्त साइबर फोरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम, आसियान-भारत स्पेस हैकाथॉन, खनन और महत्वपूर्ण खनिजों पर सहयोग, युवा कनेक्ट (युवा शिखर सम्मेलन, युवा सांसदों का आदान-प्रदान और स्टार्टअप हैकाथॉन), नालंदा विश्वविद्यालय में आसियान देशों के लिए छात्रवृत्ति बढ़ाना भी शामिल हैं।

मोदी ने आसियान के साथ व्यापक सामरिक साझेदारी के महत्व को रेखांकित किया तथा कहा कि भारत स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियमों पर आधारित इंडो-पैसिफिक में विश्वास रखता है। सम्मेलन में मोदी और आसियान नेताओं ने आपदा प्रबंधन में सहयोग पर आसियान-भारत संयुक्त वक्तव्य भी जारी किया है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।