जापान पर परमाणु हमले की 70वीं बरसी आज, पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापान के हिरोशिमा और नागासाकी में परमाणु हमले में मारे गए लाेगों को श्रद्धांजलि दी। 6 अगस्त 1945 को अमेरिका द्वारा किए गए इस हमले में सवा दो लाख से भी ज्यादा लोग मारे गए थे।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापान के हिरोशिमा और नागासाकी में परमाणु हमले में मारे गए लाेगों को श्रद्धांजलि दी। 6 अगस्त 1945 को अमेरिका द्वारा किए गए इस हमले में सवा दो लाख से भी ज्यादा लोग मारे गए थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट के जरिए हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धसुमन अर्पित करते हुए कहा कि यह बम विस्फोट युद्ध और मानवता पर उसके प्रभाव की भयावहता की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि मानवता की समस्याओं का समाधान शांति और प्रगति में निहित है। हमें हिंसा से मुक्त, एक शांतिपूर्ण दुनिया बनाने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चलना होगा।
6 अगस्त, 1945 की सुबह अमेरिकी वायु सैनिकों ने जापान के हिरोशिमा शहर पर परमाणु बम लिटिल ब्वॉय गिराया था जिसमें करीब डेढ लाख लोग मारे गए। तीन दिनों बाद अमेरीका ने नागासाकी शहर पर फैट मैन परमाणु बम गिराया और इसमें करीब 75 हजार लोग मारे गए। यह मानव जाति के इतिहास में परमाणु हथियारों का सबसे पहला प्रयोग था।
उधर, जापान में आज इस मौके पर बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्रित होकर पीस मैमोरियल पार्क में इस हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। दुनिया के सबसे बड़े परमाणु हादसे में मारे गए लोगों की याद में मौन रखा गया। श्रद्धांजलि सभा में बुजुर्ग, पीड़ितों के रिश्तेदार, सरकारी अधिकारी और विदेशी प्रतिनिधि उपस्थित हुए।