मिशन 2027: दिल्ली में आज से भाजपा का दो दिवसीय महामंथन, बैठक में पीएम मोदी हो सकते हैं शामिल
भाजपा की बैठक 27 और 28 नवंबर को नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, पूसा परिसर में आयोजित होगी। इसमें पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी और राज्यों के प्रभारी हिस्सा लेंगे।

भाजपा की आज से शुरू हो रही दो दिवसीय रणनीतिक बैठक में शामिल हो सकते हैं पीएम मोदी (फोटो- एक्स)
HighLights
बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर होगी चर्चा
सदस्यता अभियान और चुनाव प्रचार की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श होगा
एएनआई, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण दो दिवसीय रणनीतिक बैठक में शामिल हो सकते हैं।
यह बैठक 27 और 28 नवंबर को नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, पूसा परिसर में आयोजित होगी। इसमें पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी और राज्यों के प्रभारी हिस्सा लेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति, संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर तैयारियों और केंद्र, राज्य सरकारों तथा पार्टी संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा होगी।
खासतौर पर उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।
बैठक में इन राज्यों की मौजूदा राजनीतिक स्थिति की समीक्षा के साथ आगामी महीनों के लिए संगठनात्मक रोडमैप तैयार किया जाएगा।
सदस्यता अभियान और चुनाव प्रचार की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श होगा। नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी पदाधिकारियों के बीच यह दूसरी महत्वपूर्ण बैठक होगी।
इससे पहले 22 अगस्त को प्रधानमंत्री ने भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस बीच, भाजपा एक दिसंबर से 25 दिसंबर तक देशव्यापी सेवा दूत अभियान भी शुरू करेगी। चुनावी राज्यों पर इस अभियान का विशेष फोकस रहेगा।